



आलू की आड़ में कर रहे थे पोस्त की तस्करी : ट्रक की तलाशी लेने पर 2 कट्टों में मिले पोस्त के छिलके
आलू की आड़ में पोस्त की तस्करी करने का मामला सामने आया है। चूरू जिले की सदर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात एनएच-52 पर आलू से भरे ट्रक में डोडा पोस्त छिलके के 2 कट्टों को जब्त किया है और 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों ने पुलिस को आलू की बिल्टी दिखाकर बचने की कोशिश की, लेकिन तलाशी लेने पर तस्कर पकड़े गए। पुलिस के पूछताछ करने पर तस्करों ने बताया कि उन्होंने जोधपुर के पास किसी होटल के नजदीक से डोडा पोस्त लिया था और दोनों पहली बार ही पोस्त की तस्करी कर रहे थे। पकड़े गए डोडा पोस्त की बाजार कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-52 पर ढाढऱ के पास चूरू की ओर से एक ट्रक आ रहा था। पुलिस ने ट्रक को रुकवाकर ड्राइवर से ट्रक में रखे सामान के बारे में पूछा। इस पर उसने बताया कि वह आलू लेकर पंजाब जा रहे हैं। ड्राइवर ने पुलिस को आलू से भरे ट्रक की बिल्टी भी दिखाई। शक होने पर ट्रक का तिरपाल हटाकर तलाशी ली तो दो कट्टों में डोडा पोस्त के छिलके भरे मिले।
इस पर पुलिस ने बरनाला (पंजाब) निवासी जसवीर सिंह और हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक व डोडा पोस्त जब्त कर लिया। मामले की जांच दूधवाखारा थाना अधिकारी राधेश्याम थालोड़ को दी गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में सदर थाना अधिकारी हंसराज मीणा के साथ ही कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र, नवीन, सरजीत, शंकरलाल, कुलदीप, कृष्ण कुमार और बनवारी शामिल थे।
