डांस फ्लोर की चैनल टूटकर गिरी, एक युवक की हुई मौत

चूरू जिले के लाछड़सर गांव में एक परिवार में शादी की खुशियां थी, लेकिन अचानक यह खुशियां मातम में बदल गई। यहां डीजे पर नाचने के दौरान डांस फ्लोर का चैनल टूटकर नीचे गिर गया, जिसके कारण एक युवक की मौत हो गई और 6 साल की बच्ची समेत करीब 6 दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को रतनगढ़ के राजकीय अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बीकानेर रेफर कर दिया। पुलिस ने रात को मृतक के शव को मोर्चरी में रखवाया है। शुक्रवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

राजलदेसर पुलिस के अनुसार, लाछड़सर निवासी लिछूराम जाट के बेटे नोरंग की शादी का प्रीतिभोज कार्यक्रम था। शादी में आए मेहमान और परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इस दौरान परिवार के लोग और कुछ दोस्त डीजे पर नाच रहे थे। रात करीब नौ साढ़े बजे आंधी से डांस फ्लोर का चैनल टूटकर गिर गया। हादसे में डूलानिया पिलानी (झुंझुनूं) निवासी विजय कुमार मेघवाल (35), लाछड़सर निवासी मनोज कुमार जाट (18), शीशपाल सिंह (18), गुंजन शर्मा (6) सहित 6 लोग घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए रतनगढ़ अस्पताल पहुंचाया। यहां विजय कुमार मेघवाल की मौत हो गई, जबकि मनोज कुमार, गुंजन और शीशपाल सहित अन्य घायलों बीकानेर रेफर कर दिया।

Join Whatsapp