भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई लाखों रुपये की लागत से बनी सड़क-बरसात ने खोल दी विकास की पोल

खाजूवाला  (मदन अरोड़ा)। सरकारी धन का जमकर किस तरह से दुरुपयोग होता है, ये नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नम्बर 5 में देखने को मिला। मौहल्लवासियों ने बताया कि सरकार के लाखों रुपये बरसात के पानी में बह गये और पूछने वाला कोई नहीं है। वार्ड नम्बर 5 में इन्टरलोकिंग सड़क का निर्माण किया गया जो तांवणियां कॉलोनी की मुख्य सड़क है, चन्द महीनों में ही सरकार के लाखों-करोड़ों रुपये पानी में बह गये और विकास की पोल खुल गई। क्या यही विकास रह गया है अब, ये सवाल आमजन को उन जनप्रतिनिधियों से पूछना चाहिए जो चुनाव के दिनों में बड़े-बड़े वायदे कर जनता को गुमराह कर विकास के नाम पर वोट मांगते हैं और फिर खुलेआम भ्रष्टाचार करते हैं। इन्टरलोकिंग सड़क़ जो पहली ही बरसात में भेंट चढ़ गई और कई सवाल पैदा हो रहे हैं कि आखिर इन भ्रष्टाचारियों की लगाम किसी के हाथ में नहीं है अन्यथा संभाग के युवा संभागीय आयुक्त इस पर कोई कार्यवाही करते। जिला कलक्टर और संभागीय आयुक्त को स्थिति से अवगत करवाया जावे तो शायद नगरपालिका क्षेत्र खाजूवाला के वार्ड नं. 5 में इन्टरलोकिंग सड़क का पुनः निर्माण हो। वार्ड नम्बर 5 तांवणियां कॉलोनी जो कि नगरपालिका क्षेत्र खाजूवाला का सबसे बड़ा वार्ड है और प्रतिदिन इन्हीं सड़कों से सैंकड़ों बच्चे विभिन्न विद्यालयों मंे अध्ययन के लिए जाते हैं। छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल वैन में भरकर इन्हीं सड़कों से लाया और लेजाया जाता है। कभी इन टूट चुकी सड़कों पर कोई बड़ा हादसा हो गया तो आखिर उसका जिम्मेदार कौन होगा। सरकार आमजन की सुविधाओं के लिए सड़कों को निर्माण करती है तो उसमें भ्रष्टाचार करने वालों के हौंसले इतने बुलन्द कैसे हो जाते हैं कि वे सरेआम घटिया सामग्री लगाकर सरकार को लाखों-करोड़ों का चूना लगाते हैं और उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं होती, आखिर ये भ्रष्टाचार का खेल कब तक चलेगा।

 

 

Join Whatsapp