




पुलिस ने मोटरसाइकिल पर पिस्तौल और 11 कारतूस लेकर आ रहे दो लोगों को किया गिरफ्तार
श्रीगंगानगर। जिले की सादुलशहर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल पर पिस्तौल और 11 कारतूस लेकर आ रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास कुछ रुपए मिले हैं तथा एक चला हुआ कारतूस और इसका खोल भी मिला है। इससे इनके किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की भी आशंका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने सादुलशहर इलाके में ढाणी खीचड़वाली के पास नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो युवक वहां पहुंचे। मोटर साइकिल गांव दलियांवाली का राजासिंह पुत्र बवलदेवसिंह चला रहा था। जबकि उसके पीछे गांव ग्यारह जैड का सतपाल पुत्र गणपत बैठा हुआ था।
पुलिस की नाकेबंदी देखकर बाइक सवार घबरा गया। उसने मोटरसाइकिल घुमाया। तेजी से मोटरसाइकिल घुमाने के दौरान यह फिसल गया और दोनों आरोपी जमीन पर गिर गए। इन्हें पुलिस ने घेरा डालकर पकड़ लिया। इनकी तलाशी ली गई तो इनके पास 11 कारतूस और एक चला हुआ कारतूस और इसका खोल बरामद हुआ। इनके पास 8350 रुपए और एक बिना नंबर का मोटरसाइकिल भी बरामद हुआ है। राजासिंह लालगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस इनके अन्य वारदातों में शामिल होने के बारे में जानकारी जुटा रही है। इनके के पास रुपए मिलने और बिना नंबर का मोटरसाइकिल बरामद होने से इनके हाल ही में किसी लूट की वारदात को अंजाम देने की आशंका है।
