मुखयमंत्री अशोक गहलोत परिवार सहित कल आ सकते है बीकानेर

बीकानेर. प्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का शनिवार को बीकानेर आने का कार्यक्रम तय हुआ है। अचानक बीकानेर दौरा और यहां श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जाने के कार्यक्रम से सियासी कयास लगाने भी शुरू हो गए है। हालांकि इसी बीच यह भी खबरें आ रही है कि गहलोत परिवार सहित यहां आ सकते है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह 11 बजे विशेष विमान से नाल सिविल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से करणी सिंह स्टेडियम में जाकर ग्रामीण ओलम्पिक के चल रहे जिला स्तरीय मुकाबलों को देखेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से बीकानेर से हनुमानगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे। हनुमानगढ़ से श्रीगंगानगर हेलीकॉप्टर से आएंगे। फिर सूरतगढ़ से विशेष विमान से जयपुर प्रस्थान करेंगे। हालांकि सूत्र यह भी बता रहे है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ परिवार के सदस्य भी आ सकते है।

अगले 24 घंटे कुर्सी के लिए अहम
प्रदेश में अगले 24 घंटे मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए अहम माने जा रहे है। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी हो जाएगी। कांग्रेस आलाकमान ने दो दिन में राजस्थान के मुख्यमंत्री को लेकर िस्थति स्पष्ट करने के संकेत दिए थे। इसमें तय होगा कि अशोक गहलोत ही आगे मुख्यमंत्री बने रहेंगे अथवा किसी अन्य को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। इस सियासी घमासान के बीच अशोक गहलोत के अचानक बीकानेर आने और बिना किसी बड़े आयोजन के विशेष विमान से पहुंचने के कार्यक्रम से राजनीतिक कयासबाजी शुरू हो गई है।

Join Whatsapp