सेकंड ग्रेड भर्ती परीक्षा:दो पारियों में होगी परीक्षा, प्रवेश पत्र हुए अपलोड –

 

बीकानेर ।वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा – 2022 के तहत विज्ञान, पंजाबी और गणित, संस्कृत विषय के अभ्यर्थियों की सामान्य ज्ञान परीक्षा 29 जनवरी को होगी। बीकानेर में इन चारों विषयों में पंजीकृत 10,232 अभ्यर्थियों के लिए दो पारी में यह परीक्षा करवाई जाएगी। ग्रुप- सी के तहत विज्ञान और पंजाबी वैकल्पिक विषयों के 4,440अभ्यर्थियों की सामान्य ज्ञान की परीक्षा सुबह 10.30 से 12.30 बजे पहली पारी में होगी।

दूसरी पारी में ग्रुप डी के तहत संस्कृत व गणित वैकल्पिक विषय के 5792 अभ्यर्थियों के सामान्य ज्ञान की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। आयोग की ओर से परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। बीकानेर में पहली पारी में पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए 13 और दूसरी पारी में 19 परीक्षा केंद्र गठित किए गए हैं। मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

पहली पारी में 9.30 और दूसरी में 1.30 बजे बाद प्रवेश बंद

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले संबंधित परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। पहली पारी में अभ्यर्थियों को 9.30 बजे और दूसरी पारी में 1.30 बजे तक की एंट्री मिल पाएगी। पहली पारी में परीक्षा सुबह 10.30 से 12.30 बजे और दूसरी पारी में 2.30 से 4.30 बजे तक होगी।

अलग-अलग प्रवेश-पत्र लाने होंगे

अभ्यर्थियों को ग्रुप अनुसार अलग-अलग प्रवेश-पत्र लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म दिनांक प्रविष्ठ कर डाउनलोड किए जा सकते हैं।

वैकल्पिक विषयों की परीक्षा हो चुकी

वैकल्पिक विषय विज्ञान, पंजाबी, संस्कृत व गणित के अभ्यर्थियों की परीक्षा पिछले महीने 24 दिसंबर से 26 दिसंबर तक हो चुकी है। इन विषयों के अभ्यर्थियों का सामान्य ज्ञान का पेपर रद्द होने के कारण यह परीक्षा अब 29 जनवरी को होगी। सुरक्षा की दृष्टि से आयोग में प्रवेश के नियमों में भी बदलाव किया है। अब अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले संबंधित केंद्र पर पहुंचना होगा।

 

Join Whatsapp