




जयपुर के क्लब में फायरिंग, 17 से ज्यादा राउंड चलाए
जयपुर ।जवाहर सर्किल थाना इलाके में स्थित जी क्लब पर देर रात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर जवाहर सर्किल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही बदमाश मौके से फरार हो गए। मौके पर पुलिस को करीब 17 से अधिक खोल मिले हैं। फायरिंग की जानकारी मिलने के बाद जयपुर शहर में ए श्रेणी की नाकेबंदी देर रात को लगा दी गई। घटना रात करीब 12 बजे की है।
बदमाश पहले कार से जी क्लब पर पहुंचे। फिर वहां से निकल गए। कुछ ही देर बाद बाइक सवार तीन बदमाश आए। अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया। फायरिंग के बाद यह सभी बदमाश मौके से भाग निकले। पुलिस ने देर रात तक शहर में कड़ी नाकेबंदी लगाई, लेकिन अभी तक कोई भी बदमाश पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के रितिक बॉक्सर ने की फायरिंग
जी क्लब पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी रितिक बॉक्सर ने ली है। रितिक बॉक्सर ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा है कि राम-राम जयपुर। यह जी क्लब जयपुर पर जो फायरिंग हुई है यह मैंने ऋतिक बॉक्सर अनमोल विश्नोई ( लॉरेंस बिश्नोई गैंग) ने करवाई है। याद रहे सबका नंबर आएगा….
इसके बाद से पुलिस ने रितिक बॉक्सर को सर्च करना शुरू कर दिया है। रितिक के संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। हालांकि अभी तक फायरिंग करने वाले किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
रितिक बॉक्सर ने ट्वीट कर ली फायरिंग की जिम्मेदारी।
जयपुर में पहली बार हुई इतने राउंड फायरिंग
जयपुर कमिश्नरेट के इतिहास में पहली बार एक साथ कही पर इतने राउंड फायरिंग हुई हैं। बदमाशों ने खुल कर फायरिंग की और मौके से भाग गए। ये बदमाश लॉरेंस गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। इन की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई, लेकिन अभी तक इन का कोई सुराग नहीं लगा।
जवाहर सर्किल स्थित होटल डेज में बना है जी क्लब। जहां देर रात फायरिंग हुई।
पुलिस की टीम मौके पर जांच करने पहुंची।
जी क्लब में पड़ी मिली गोलियां और उनके खोल।
जी क्लब के सिक्योरिटी इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने बताया- बदमाश जिस समय फायरिंग कर रहे थे। वह मौके पर मौजूद थे। बदमाश फायरिंग के बाद एक कागज परिसर में फेंककर गए। साथ में बोले- अगर 1 करोड़ रुपए नहीं दिए तो आगे इससे भी बड़ी घटना हो सकती है। खुद को यह बदमाश लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मेंबर बता रहे थे। पर्ची को पुलिस को दे दी है जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
बदमाश मौके पर फेंककर गए पर्ची।
जवाहर सर्किल सी आई सुरेंद्र सैनी ने बताया- घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस टीम को भेज दिया है। वहीं, पूरे शहर में इस श्रेणी की नाकेबंदी लगाई गई थी, हालांकि अभी तक किसी भी प्रकार का कोई बदमाश गिरफ्तार नहीं हुआ है। कुछ बदमाशों ने सोशल मीडिया पर खुद के द्वारा अपराध कार्य करने की जानकारी दी है।
