फरवरी के पहले हफ्ते में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी:जयपुर समेत कई शहरों में सीजन का सबसे घना कोहरा

 

जयपुर।राजस्थान में दो दिन हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि के बाद आज पूरा प्रदेश घने कोहरे की चपेट में आ गया। मौसम केन्द्र जयपुर से जारी सैटेलाइट इमेज को देखे तो कोहरे का असर बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में ज्यादा रहा। जयपुर में आज इस सीजन का सबसे ज्यादा घने कोहरे रहा। इसके कारण 50 मीटर दूर भी साफ नजर नहीं आया। कोहरे के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स की आवाजाही प्रभावित रही। अब फरवरी के पहले हफ्ते में तेज सर्दी पड़ सकती है।

कोहरे के साथ ही उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के हिस्सों में आज सुबह सर्द हवाएं भी चलीं। इससे तापमान में बड़ी गिरावट हुई। इन सर्द हवाओं का ज्यादा असर बीकानेर, गंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और चूरू इलाकों में रहा। सर्द हवाओं के कारण यहां मिनिमम तापमान कल के मुकाबले आज 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

पाली में सुबह घना कोहरा छाया रहा। मारवाड़ जंक्शन में कोहरे के बीच गुजरती ट्रेन।
कल देर शाम से छाने लगा कोहरा
राजधानी जयपुर समेत कई शहरों में कोहरे का असर कल देर शाम से ही दिखने लगा। रात में कोहरे के कारण भी विजिबिलिटी कम हो गई थी। इसके साथ ही सर्द हवाएं भी चलने लगी। जयपुर के अलावा सीकर, झुंझुनूं, गंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़, अलवर में भी देर रात से ही कोहरा छाने लगा। बाहर खुले में खड़ी गाड़ियां और अन्य चीजे भीग गई।

सीकर में घना कोहरा छाया रहा। यहां विजिबिलिटी 40 मीटर भी नहीं रही। हालांकि समय निकलने के साथ यह कोहरा कम भी होता रहा।
देरी से उड़ी कई फ्लाइट्स, दिल्ली से आई फ्लाइट वापस भेजी

घने कोहरे का असर जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स के संचालन पर भी पड़ा। मौसम खराब होने की वजह से सुबह 6 से 9:30 बजे तक 15 से अधिक उड़ानों पर इसका असर रहा। जयपुर से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की उड़ान भी दो घंटे देरी से रवाना होगी, ये उड़ान सामान्यत दोपहर 12 बजे जाती है। जो अब 2 बजे रवाना होगी। उदयपुर की उड़ान भी एक घंटे देरी से रवाना होगी। जैसलमेर जाने वाली उड़ान को रद्द किया है। अलायंस एयरलाइन की दिल्ली से जयपुर आने वाली फ्लाइट संख्या 9 आई 843 को 45 मिनट चक्कर लगाने के बाद पुन:दिल्ली भेज दिया। ये फ्लाइट सुबह 8.30 बजे जयपुर आती है। इसके अलावा जयपुर से दुबई जाने वाली फ्लाइट को भी देरी से रवाना किया।

बाड़मेर के कई हिस्सों में बारिश के बाद सनावड़ा के एक खेत में छाया कोहरा ।
फरवरी के पहले सप्ताह तेज रहेगा सर्दी का असर
दो दिन पहले तक उत्तर भारत में हुई भारी बर्फबारी का असर कल से राज्य के हिस्सों में पड़ेगा। यहां तापमान गिरेंगे और तेज सर्दी पड़ेगी। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फरवरी के पहले सप्ताह ठंड का असर ज्यादा रहेगा। क्योंकि इस दौरान 7-8 फरवरी तक कोई बड़ा वेर्स्टन डिर्स्टबेंस आने की संभावनाएं कम है। इस कारण राजस्थान के उत्तर-पूर्वी और मध्य क्षेत्र में बर्फीली हवाओं का असर रहेगा। इस दौरान कई शहरों में टेम्प्रेचर सिंगल डिजिट में दर्ज होंगे।

कोटा के पास अरंडखेड़ा गांव के पास खेत में ओले गिरने से खराब हुई फसलें।
जयपुर में 60 फीसदी तक फसल चौपट, पाले-शीतलहर से दिल्ली रोड पर सबसे ज्यादा खराब

राजस्थान में पिछले दिनों दो चरणों में बड़ी कड़ाके की सर्दी से जयपुर समेत कई जिलों में किसानों को नुकसान हुआ। तापमान माइनस या जमाव बिंदु से नीचे जाने फसलों पर पाला पड़ गया। जयपुर जिले की 22 तहसीलों से आई रिपोर्ट देखे तो दिल्ली राेड पर मौसम की मार सबसे ज्यादा पड़ी है। यहां फसलें 60 फीसदी से ज्यादा तक खराब हो गई।

पटवार मंडलों से जिला प्रशासन को मिली एक रिपोर्ट के मुताबिक विराटनगर, कोटपूतली, शाहपुरा, आमेर एरिया में रबि की फसल के साथ ही सीजन में उगाई गई सब्जियां भी 60 फीसदी तक खराब हुई। पावटा तहसील के गांवों में गेंहू-चने की 30 फीसदी, जौ की 50 और सरसों, बाड़ी की फसलों को 80 फीसदी से ज्यादा खराब होना बताया गया है।

आपको बता दें कि 3 जनवरी से 8 जनवरी और 14 से 19 जनवरी तक प्रदेश में जबरदस्त शीतलहर और गलनभरी सर्दी का दौर चला था। इस दौरान जयपुर के जोबनेर एरिया में 8 दिन पारा माइनस यानी जमाव बिंदु से भी नीचे रहा था।

करौली में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। लोगों को सुबह ही वाहन की लाइट ऑन कर सफर करना पड़ा।

सीकर में सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया था।
सीकर में शीतलहर चलने से तापमान 1 डिग्री गिरा
सीकर में शीतलहर चलने से सीकर के तापमान में भी 1 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल मौसम विशेषज्ञों की माने तो आगामी दिनों में सीकर जिले में मौसम शुष्क रहेगा। ऐसे में तापमान में उतार-चढ़ाव होगा। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि इससे पहले सोमवार को यहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया था। केंद्र के बाबूलाल कुमावत के मुताबिक आज सुबह फतेहपुर सहित आसपास के इलाकों में कोहरा छाया रहा और ओस भी देखने को मिली। फिलहाल जिले में उत्तरी हवा का दबाव ज्यादा है। वही जयपुर मौसम केंद्र की रिपोर्ट की माने तो सीकर सहित प्रदेशभर में 3 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। ऐसे में तापमान में उतार-चढ़ाव होता रहेगा।

चूरू में भी सुबह से कोहरा छाया रहा। वाहन चालकों को परेशानी का सामने करना पड़ा।
जोधपुर में कोहरे से दिन की शुरुआत
जोधपुर में सुबह की शुरुआत कोहरे से हुई। वहीं, नमी के कारण ओस भी नजर आई। अल सुबह गाड़ियों के काच पर ओस जमी थी। सुबह विजिबिलिटी भी कम रही। शहर से गुजर रहे पश्चिमी विक्षोभ के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ गई थी, जिसे अरब सागर से पर्याप्त नमी मिली और इसके असर रविवार को बारिश हुई। सोमवार से बादलों की आवाजाही कम हो गई और पर्याप्त नमी के साथ शहर की तरफ उत्तरी व पूर्वी हवाएं बढ़ी, जिससे कोहरे व धुंध छाई। यह सिलसिला आज मंगलवार को भी रहा।

जोधपुर में सुबह गाड़ियों पर ओस जमी नजर आई।
उदयपुर में 1235 हेक्टर में फैली फसल बर्बाद
उदयपुर में बीते दो दिनों में तेज हवा के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से जिलेभर में करीब 1235 हेक्टर में फैली फसलें बर्बाद हो गई। मूलसलाधार बारिश और ओले पड़ने से खेतों में खड़ी फसल नीचे गिर गई। इन हालातों ने खासकर आदिवासी किसानों की चिंता बढ़ा ​दी है। कृषि विभाग उदयपुर द्वारा फसल खराबे को लेकर ​तैयार की गई रिपोर्ट के अनुसार करीब 740 हेक्टर एरिया में फैली गेहूं की फसल बर्बाद हो चुकी है।

उदयपुर जिले में बीते दो दिनों में तेज हवा के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से जिलेभर में फसलें बर्बाद हो गई।
इसके अलावा 175 हेक्टर में सरसों और अलसी जैसे तिलहन की फसल तो पकने की स्थिति में थी, जिसे भारी नुकसान हुआ है। तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने से खड़ी हुई यह फसल जमीन पर टूटकर गिर गई। इसी तरह से कुल 58 हेक्टर में खेतों में उग रही विभिन्न तरह की ​सब्जियों में पानी भरने से भारी नुकसान हो गया।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

शहर न्यूनतम तापमान
अजमेर 10
बाड़मेर 11.2
फतेहपुर 6.8
जोबनेर 7.5
उदयपुर 12.4
जैसलमेर 9
जोधपुर 12.2
बीकानेर 8
चूरू 7.5
गंगानगर 8
कोटा 12.1
जयपुर 9.7

 

 

Join Whatsapp