एंबुलेंस ने बाइक सवार परिवार को रौंदा:पति-पत्नी की मौत

 

कोटा।सरकारी एंबुलेंस के ड्राइवर ने बाइक सवार पति-पत्नी और दादी-पोते को कुचल दिया। हादसे में दंपती की मौत हो गई। गंभीर हालत में दादी-पोते को जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा कोटा के गुमानपुरा फ्लाई ओवर पर गुरुवार सुबह 11.30 बजे हुआ। हादसे के समय ड्राइवर नशे में था।

CMHO डॉ. जगदीश सोनी ने बताया कि शहर में धार देवी और यूआईटी ऑडिटोरियम में दो एंबुलेंस जानी थी। हादसे से कुछ समय पहले ही कंट्रोल रूम पर बात हुई थी। यूआईटी ऑडिटोरियम में सुरेंद्र को एंबुलेंस ले जानी थी। स्टाफ ने जब बताया कि वह नशे में है तो उसे मना कर दिया और किसी दूसरे ड्राइवर को भेजने को कहा।

सुरेंद्र नहीं माना और एंबुलेंस ले गया। गुमानपुरा फ्लाई ओवर पर चढ़ने के बाद सुरेंद्र में स्पीड बढ़ा ली और यहीं पर गाड़ी बेकाबू हो गई। इसी दौरान फ्लाई ओवर पर अनकंट्रोल होने के बाद एंबुलेंस डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ चली गई।

इसी दौरान एरोड्राम से नयापुरा की तरफ बाइक पर आ रहे बूंदी जिले के कापरेन निवासी पवन, उसकी पत्नी मनभर, मां सुरजा और चार के बच्चे नकसू को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार महिला मनभर फ्लाई ओवर से उछलकर 15 फीट नीचे जा गिरी और उसकी मौत हो गई। वहीं पवन, उसकी मां और बेटा गंभीर घायल हो गए। तीनों को पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान पवन ने भी दम तोड़ दिया।

 

फ्लाई ओवर पर हुए हादसे से पहले एंबुलेंस ड्राइवर ने एक पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की थी। कोटडी चौराहे पर खडे़ पुलिसकर्मी राजन ने एंबुलेंस को रोकने की कोशिश की थी। एंबुलेंस लहराती हुई और तेज स्पीड में आ रही थी।

इशारा करने के बाद भी ड्राइवर ने स्पीड बढ़ाई और उन पर ही चढ़ाने की कोशिश करते हुए आगे निकल गया। इसके बाद पुलिसकर्मी ने इसकी जानकारी अगले सर्किल पर मौजूद पुलिसकर्मियों को दी। एम्बुलेंस वहां पहुंचती उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

हादसे में पवन और उसकी पत्नी की मौत हो गई। पवन अपने परिवार को मंदिर दर्शन के लिए ले गया था।
दुकानदार बोला- धमाके के साथ आई आवाज

शुरुआती जानकारी में सामने आया कि नवरात्रि के चलते पूरा परिवार मंडाना स्थित गोपालपुरा माता जी के दर्शन कर लौटा रहा था। तभी ये हादसा हो गया। वहीं जहां ये हादसा हुआ, वहां एक दुकान है। दुकानदार मनीष ने बताया कि मैं कस्टमर से बात कर रहा था। इसी दौरान तेज धमाके जैसी आवाज आई। हम घबरा गए और ऊपर की तरफ देखा तो एंबुलेंस फ्लाई ओवर की दीवार पर अटकी थी और महिला नीचे गिर गई थी। महिला के पास पहुंचे इतने में ही पुलिस वाले आ गए थे।

एंबुलेंस ड्राइवर सुरेंद्र नशे में था। हॉस्पिटल ले जाया गया, तब भी वह कहता रहा कि दो बोतल शराब पी थी।
ड्राइवर के खिलाफ होगी कार्रवाई

सीएमएचओ ने बताया कि ड्राइवर को मना करने के बाद भी वह जबरदस्ती एंबुलेंस लेकर गया था। वह शराब के नशे में भी था और अब उसके खिलाफ कानूनी और विभागीय दोनों कार्रवाई की जाएगी। इधर, इस हादसे में ड्राइवर भी घायल हो गया।

जब उसे हॉस्पिटल ले जाया गया तो शराब के नशे में बोलता रहा। लोगों ने पूछा कि कैसे एक्सीडेंट हुआ तो कहने लगा कि दो बोतल शराब पी थी।

इसी बाइक को टक्कर मारते हुए एंबुलेंस फ्लाई ओवर की दीवार से जा अटकी।

Join Whatsapp