




पानी के कनेक्शन नहीं जोड़ने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
हनुमानगढ़।ग्रामीणों ने भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले मंगलवार को जंक्शन स्थित PHED ऑफिस पर विरोध-प्रदर्शन किया।
हनुमानगढ़ में पेयजल कनेक्शन नहीं दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने PHED ऑफिस पर प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत सहजीपुरा के गांव करणीसर के वार्ड 17 के ग्रामीणों ने भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले मंगलवार को जंक्शन स्थित PHED ऑफिस पर विरोध-प्रदर्शन किया। डीवाईएफआई पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के कारण 50-60 घरों में पेयजल कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। पेयजल कनेक्शन देने पर विभागीय अधिकारियों को एपीओ करवाने की धमकी दी जा रही है। उधर PHED के अधिकारियों ने एपीओ की किसी प्रकार की धमकी से इनकार किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव करणीसर के वार्ड 17 में अंतिम छोर पर मेघवाल समाज के 50-60 घर हैं। वार्ड में 6-7 महीने पहले पानी सप्लाई के लिए 4 इंची पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन गांव के गुवाड़ तक ही पाइप लाइन बिछाई गई। उसके आगे गांव के प्रभावशाली लोगों की ओर से पाइप नहीं जोड़ने दी जा रही है। पानी की पाइप लाइन मेघवाल समाज के नागरिकों के गुवाड़ वार्ड 17 से सिर्फ 100-150 फीट की दूरी से पहले ही बंद कर दी गई है। इन प्रभावशाली लोगों की ओर से अपने-अपने घरों के लिए ही विशेष पाइप लाइन बिछाने की बात कहकर पाइप लाइन नहीं जोड़ने दी जा रही। इसके कारण उनको गर्मी के मौसम में पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
लोगों ने बताया कि पूरे मोहल्ले के लोग 600-700 रुपए में टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हैं। पिछले 3-4 महीने से यह समस्या बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त मोहल्ला अनूसूचित जाति के नागरिकों का होने के कारण प्रभावशाली लोगों की ओर से जान-बूझकर पाइप लाइन नहीं जोड़ने दी जा रही है। इस बारे में कई बार ग्राम पंचायत और PHED के अधिकारियों को अवगत करवाया गया लेकिन आज तक समस्या को कोई समाधान नहीं किया गया। प्रभावशाली लोगों के दबाव में अधिकारी अपनी मजबूरी बताकर ग्रामीणों को टरका रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने कलेक्टर को भी समस्या से अवगत करवाया, लेकिन कोई हल नहीं निकला। गांव में कई बार पंचायत करने पर भी प्रभावशाली लोगों ने सरपंच और पीएचईडी अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी में पाइप लाइन जोड़ने देने से मना कर दिया। डीवाईएफआई के रघुवीर सिंह वर्मा ने कहा कि जातिय भेदभाव के कारण कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं। अधिकारियों ने 14 मई को आदेश दिया था कि कनेक्शन दिया जाए, लेकिन कनेक्शन नहीं दिया गया। पीएचईडी अधिकारी मौका देखकर आ चुके हैं। जब उन्होंने पीएचईडी एक्सईएन से बात की तो उनका कहना था कि उनके कर्मचारी उनकी बात नहीं मानते। कनेक्शन देने पर उन पर एपीओ करने का दबाव बनाया जा रहा है। रघुवीर वर्मा का कहना था कि अमृत काल में अमृत तो दूर की बात पानी भी ग्रामीणों को नसीब नहीं हो रहा है। ग्रामीणों ने पीएचईडी एक्सईएन को ज्ञापन सौंपकर गांव करणीसर के वार्ड 17 तक पानी की आपूर्ति के लिए पाइप लाइन जोड़ने की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि वंचित घरों में पीने योग्य पानी की आपूर्ति हो सके।
