4 लोगों ने व्यक्ति से मारपीट कर की लूट:सोने की अंगूठी और 20 हजार रुपए छीने, जांच में जुटी पुलिस

 

हनुमानगढ़।व्यक्ति ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर अंगूठी और नकदी छीनने का मामला दर्ज कराया है।
भिरानी पुलिस थाने में एक व्यक्ति ने चार अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर अंगूठी और नकदी छीनने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने व्यक्ति की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राजेश (41) पुत्र रामसिंह जाट निवासी सांगड़ा ने रिपोर्ट दी कि वह 27 मई की रात को करीब ढाई बजे दिल्ली से बस में सवार होकर भिरानी पहुंचा। भिरानी में वह अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव के लिए रवाना हुआ। जब वह रोही सूरतपुरा में ईंट भट्टा के पास पहुंचा तो वहां उन्हें 4 अज्ञात लोग मिले। आरोपियों ने बाइक रुकवा ली और मारपीट शुरू कर दी। उसे जान से मारने की धमकी देकर हाथ में पहनी हुई सोने की अंगूठी और जेब में रखे 20 हजार रुपए निकाल लिए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी एएसआई कमलजीत सिंह ने बताया कि छीनाझपटी जैसी बात सामने नहीं आई है। राजेश और उसका भाई रोही सूरतपुरा से गुजर रहे थे, तो वहां स्थित ईंट भट्टा के मजदूरों को गलतफहमी हुई कि इन दोनों ने भट्टे पर खड़ा ट्रैक्टर चोरी करने का प्रयास किया है। इसी शक में शराब के नशे में धुत्त ईंट भट्टा मजदूरों ने इन दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

 

Join Whatsapp