फिर भारतीय सीमा में मिला 11 कैमरे लगा ड्रोन

बीकानेर । पाकिस्तान से लगती श्रीगंगानगर जिले की करणपुर सरहद क्षेत्र में 11 कैमरे लगा ड्रोन बरामद किया गया है। घटनास्थल पर ड्रोन के पास कोई नशीले पदार्थ की खेत नहीं मिलने के कारण बीएसएफ का अंदेशा है कि ड्रोन जासूसी के लिए भेजा गया होगा। बीएसएफ ने ड्रोन को जप्त कर कैमरो की छानबीन शुरू कर दी है ।बीएसएफ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीमावर्ती गांव नग्गी व 14 एस माझीवाला के मध्य भारतीय सीमा क्षेत्र में करीब एक किमी के भीतर एक खेत में गुरुवार दोपहर एक पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया गया। मादक पदार्थ की तस्करी की आशंका में वहां बीएसएफ की ओर से सर्च ऑपरेशन चलाया गया लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। ऐसे में कुल 11 कैमरों युक्त इस ड्रोन को रैकी के उद्देश्य से भेजने की आशंका जताई जा रही है।

दो पंखुड़ियां मिलने की सूचना

बुधवार देर रात भारतीय सीमा क्षेत्र में ड्रोन की दो पंखुडिय़ां होने की सूचना मिली। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार सुबह करीब सात बजे वहां बीएसएफ के उप समादेष्टा राकेश मीणा के नेतृत्व में सर्च ऑपरेशन चलाकर गहनता से जांच की गई। इस दौरान दोपहर में एक किसान ने उसके खेत में कोई उपकरण पड़े होने की सूचना दी तो दोपहर करीब ढाई बजे बीएसएफ जवानों ने वहां ड्रोन बरामद कर लिया। इसके बाद 77वीं वाहिनी बीएसएफ के समादेष्टा देशराज, उपसमादेष्टा राकेश मीणा, पुलिस उपाधीक्षक सुधा पालावत व थानाधिकारी सतीश यादव सहित बीएसएफ के अन्य अधिकारियों ने मौका मुआयना कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।

तस्करी के लिए रैकी करने अंदेशा

भारतीय सीमा यह ड्रोन बेहतर हालत में है और इस पर किसी तरह टेपिंग भी नहीं की गई है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह तस्करी के लिए रैकी करने के उद्देश्य से भेजा गया था। हालांकि, बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक लैब में फोरेसिंक जांच के बाद ही इस बात का पूरा खुलासा हो पाएगा।

थम नहीं रहा ड्रोन वार

गौरतलब है कि इस वर्ष के दौरान भारतीय सीमा में ड्रोन आने की दर्जनभर से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं वहीं बीएसएफ ने नौ ड्रोन जब्त किए हैं। पहले ड्रोन भारतीय सीमा में नशीली दवाओं की खेप गिराकर फरार हो जाते थे परंतु अब बीएसएफ ने उन्हें मार डालने की तकनीक इजाद कर ली है।

Join Whatsapp