




उठ करके बाहों में भर लो सारा आकाश तुम्हारा है :- प्राचार्य अभिलाषा आल्हा
उठ करके बाहों में भर लो सारा आकाश तुम्हारा है :- प्राचार्य अभिलाषा आल्हा
बीकानेर (नसं)। राजकीय महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई तृतीय एवं चतुर्थ के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम एक दिवसीय शिविर के साथ तीन दिवसीय अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य प्रो. अभिलाषा आल्हा के साथ वरिष्ठ संकाय सदस्य प्रो. उज्जवल गोस्वामी, प्रो. शशि वर्मा व राष्ट्रीय सेवा योजना जिला समन्वयक प्रोफेसर हमेंद्र अरोड़ा व डॉ आभा ओझा ने कार्यक्रम अधिकारियों अंजू सांगवा व सुनीता बिश्नोई के साथ मिलकर मां सरस्वती के चरणों में माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रो. उज्जवल गोस्वामी ने छात्राओं को भारतीय संस्कृति के मूल मंत्र सेवा परमो धर्म का तात्पर्य व महत्व बताते हुए कहा कि आत्म वह तत्व है। राष्ट्रीय सेवा योजना जिला समन्वयक प्रो. हेमेंद्र अरोड़ा ने एनएसएस के अभिविन्यास कार्यक्रम की आवश्यकता को समझाते हुए एनएसएस की पृष्ठभूमि की जानकारी दी। प्राचार्य प्रो. अभिलाषा आल्हा ने स्वयंसेविकाओं को संबोधित करते हुए स्वच्छता ही सेवा की थीम पर आयोजित एकदिवसीय विशेष शिविर में सभी का स्वागत करते हुए मानव जीवन व स्वच्छता का परस्पर संबंध समझाया तथा प्लास्टिक मुक्त भारत का आह्वान किया। उन्होंने दो पंक्तियां सुनाते हुए स्वयं सेविकाओं को प्रेरित करते हुए कहा उठ करके बाहों में भर लो… सारा आकाश तुम्हारा है.. तुम भारत को गरिमा दोगे यह विश्वास हमारा है…। प्राचार्य ने उपस्थित सभागार को स्वच्छता ही सेवा की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम अधिकारी डॉ अंजू सांगवा ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 के अंतर्गत चल रहे स्वच्छता पखवाड़े में स्वभाव स्वच्छता संस्कार स्वच्छता की थीम पर ही आज का एक दिवसीय शिविर आयोजित किया जा रहा है इस पखवाड़े में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2024 तक प्रति छात्रा ढाई किलो प्लास्टिक के संग्रहण में निस्तारण का लक्ष्य रखा गया था। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनीता बिश्नोई ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए छात्राओं को एनएसएस के उद्भव व विकास की परंपरा से अवगत करवाया। राष्ट्रीय सेवा योजना के सहयोगी कर्मचारी श्रीमती तनुजा व अन्य भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
