




सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर बनाया दुष्कर्म का शिकार, दी तस्वीरें सार्वजनिक करने के नाम पर धमकी
जयपुर: राजस्थान में महिला अत्याचार और बलात्कार के मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। एक के बाद एक ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जो मानवता को शर्मसार कर देने वाले हैं। ऐसा ही एक और मामला प्रदेश की राजधानी जयपुर से आया है। पता चला है कि जयपुर में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक युवती को ब्लैकमेल किया गया। इसके बाद उसे दुष्कर्म का शिकार बनाया गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच कर रही है। मामला करणी विहार इलाके का है।
तस्वीरें सार्वजनिक करने की दी जा रही थी धमकी
करणी विहार पुलिस थाने के थानाधिकारी जय सिंह ने शनिवार को बताया कि इस बारे में पीड़िता ने शुक्रवार को शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में पीड़िता (20) ने नेतराम मीणा के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेल करने और उसकी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है।
आरोपी युवक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 (दुष्कर्म), 323 (चोट पहुंचाना) और 383 (जबरन वसूली) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता दो साल पहले फेसबुक पर आरोपी के संपर्क में आई थी। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की हर एंगेल से जांच कर रही है। साथ ही इस संबंध में जरूरी पूछताछ पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
