




पालिकाध्यक्ष झंवर कथा में हुए शामिल, 3 अक्टूबर को होगा कथा का समापन
नोखा। कस्बे के रोडा रोड़ पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा में व्यास पीठ पर विराजमान कथावाचक शंभू नाथ जी महाराज ने शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्मोत्सव की कथा का वर्णन विस्तार से किया। पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर शुक्रवार को भागवत कथा में शामिल हुए। इस अवसर पर झंवर ने व्यासपीठ की पूजा अर्चना की और कथावाचक महाराज का माल्यार्पण करके स्वागत किया। पालिकाध्यक्ष नारायण झंवर ने इस अवसर पर कहा कि हमे अपने जीवन में सद्कर्म करने चाहिए। भगवान की कथा में परोपकार के कार्य करने को लेकर हमें प्रेरित किया जाता है। कथा में भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर एक नन्हें बालक को सजाकर श्रीकृष्ण भगवान के जन्म पर कथा पांडाल में लाया गया। भागवत कथा का समय दोपहर 2 बजे से 5 तक रखा गया है। 3 अक्टूबर को कथा का समापन होगा।
श्रीमद्भागवत कथा में शुक्रवार को भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं माखन चोरी, कालिया नाग मर्दन, गोपियों के साथ वार्तालाप सहित अनेक प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया गया। कथा में भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव विभोर होकर नृत्य करने लगे।
