राजस्थान में कोविड की क्या स्थिति:सात दिन में टेस्टिंग डबल हुई, जाने कितने केस मिल रहे हैं रोज

 

जयपुर।चीन, जापान, अमेरिका में बढ़ते कोरोना के केस ने पूरी दुनिया में टेंशन बढ़ा दी है। केन्द्र सरकार भी इसे लेकर खासी अलर्ट है और विदेशों से आने वाले यात्रियों के लिए आरटीपीसीआर टेस्ट अनिवार्य कर दिया। लेकिन कोरोना को लेकर राजस्थान में राहत की खबर है। हेल्थ डिपार्टमेंट से जारी गाइड लाइन के बाद प्रदेश में कोविड की जांचें बढ़ाकर दोगुनी कर दी और उसके मुकाबले पॉजिटिव केस पहले की तुलना में कम आ रहे है।

मेडिकल हेल्थ डिपार्टमेंट राजस्थान से जारी रिपोर्ट देखे तो पिछले एक सप्ताह में राजस्थान में आरटीपीसीआर टेस्ट की संख्या दो गुनी हो गई है। अब हर रोज राज्य में औसतन 8500 टेस्ट किए जा रहे है। लेकिन इन टेस्ट में आने वाली पॉजिटिव रिपोर्ट की संख्या पहले के मुकाबले कम हो गई है। सात दिन पहले तक राजस्थान में 10 से लेकर 20 के बीच केस आ रहे थे, जो पिछले 2-3 दिन में कम होकर 5 रह गए है यानी टेस्ट की संख्या भले ही दो गुनी हो गई हो, लेकिन पॉजिटिव केस पहले से 50 फीसदी कम आने लगे है।

0.1 फीसदी पॉजिटिविटी रेट
राजस्थान में जो केस अभी आ रहे है, उसके मुताबिक पॉजिटिविटी रेट 0.1 फीसदी से भी कम है। हेल्थ विशेषज्ञों के मुताबिक किसी भी शहर, राज्य या देश में अगर पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी तक पहुंच जाती है तो ये खतरे का अलर्ट होता है। ऐसे में राजस्थान में अभी इस तरह का कोई खतरा नहीं है। इसलिए सरकार ने भी इस साल न्यू ईयर सेलिब्रेशन पर किसी तरह की कोई पाबंंदियां नहीं लगाई है।

पूरे भारत में 253 केस पॉजिटिव
भारत में इस समय कोविड कंट्रोल में है, लेकिन केन्द्र सरकार अलर्ट पर है। हालांकि हेल्थ सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञ मान रहे है कि इस बार कोविड की कोई लहर भारत में नहीं आएगी, लेकिन सुरक्षा के साथ सतर्कता अब भी बरतनी जरूरी है। भारत में अभी भी हर रोज औसतन 250 केस आ रहे है। गुरुवार को भी पूरे देश में 253 केस दर्ज हुए है।

पिछले एक सप्ताह की राजस्थान में कोविड की स्थिति

तारीख टेस्ट की संख्या पॉजिटिव केस
23 दिसंबर 4377 23
24 दिसंबर 4987 21
25 दिसंबर 4000 10
26 दिसंबर 1227 3
27 दिसंबर 7210 1
28 दिसंबर 8004 7
29 दिसंबर 9296 8
खबरें और भी हैं…

Join Whatsapp