




श्रद्धा मर्डर केस में आज आएगा कोर्ट का जजमेंट
नई दिल्ली.श्रद्धा वालकर मर्डर केस में दिल्ली की साकेत कोर्ट आज फैसला सुनाएगी। 15 अप्रैल को कोर्ट ने मामले के मुख्य आरोपी आफताब पूनावाला के खिलाफ आरोप तय करने का फैसला सुरक्षित रख लिया था। वहीं, श्रद्धा के पिता विकास को बेटी के अवशेष सौंपने के बारे में दिल्ली पुलिस कोर्ट में जवाब दाखिल करेगी। बता दें कि विकास वालकर ने कोर्ट में अपील कर कहा था कि उन्हें श्रद्धा के अवशेष सौंप दिए जांए, जिससे वे अपनी बेटी का अंतिम संस्कार कर सकें। इस पर स्पेशल पब्लिक प्रोसीक्यूटर अमित प्रसाद ने कहा कि दिल्ली पुलिस सुनवाई की अगली तारीख पर श्रद्धा के पिता की अर्जी पर जवाब दाखिल करेगी। विकास ने श्रद्धा को न्याय न मिलने तक उसका अंतिम संस्कार न करने की शपथ ली थी। उन्होंने मार्च 2023 में कहा था कि मेरी बेटी की हत्या को मई में एक साल पूरा हो जाएगा, लेकिन मैंने अब तक उसका अंतिम संस्कार नहीं किया है। आफताब को मौत की सजा मिलने के बाद ही मैं श्रद्धा का अंतिम संस्कार करूंगा। विकास ने बताया था कि मेरी बेटी की शरीर के टुकड़े केस खत्म होने के बाद भी उन्हें सौंपे जाएंगे, लेकिन मुकदमा कब खत्म होगा और कब मैं अपनी बेटी का अंतिम संस्कार कब कर सकूंगा यह अभी भी एक सवाल है। उधर, दिल्ली के जिस घर में श्रद्धा की हत्या की गई थी। उस घर के मालिक ने कोर्ट से घर पर लगी सील हटाने की मांग की थी। कोर्ट ने इसके लिए वकील को आवेदन देने के लिए कहा था।
आफताब ट्रेंड शेफ था, मांस को सुरक्षित रखना जानता था: सुप्रीम कोर्ट
मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में बताया था कि आरोपी आफताब अमीन एक ट्रेंड शेफ है, इसलिए उसे पता है कि मांस को सुरक्षित कैसे रखें। पुलिस ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा कि आफताब ने एक फाइव स्टार होटल में शेफ के तौर पर काम किया है। श्रद्धा का मर्डर करने के बाद आफताब ने सूखी बर्फ और अगरबत्ती मंगवाई थी। पढ़ें पूरी खबर…
12 नवंबर को हुई थी आफताब की गिरफ्तारी
आफताब पर आरोप है कि उसने मई 2022 में अपनी लिव इन पार्टनर श्रद्धा वालकर की गला घोंटकर हत्या की। बाद में उसके शरीर के 35 टुकड़े कर फ्रिज में रखे। फिर उन्हें जंगल में फेंक दिया। दिल्ली पुलिस ने 12 नवंबर 2022 को उसे गिरफ्तार किया था।
24 जनवरी को पुलिस ने इस मामले में आफताब के खिलाफ 6,629 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस ने आफताब का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट किया था, जिसमें उसने श्रद्धा की हत्या करने की बात स्वीकार की थी। मामले में पुलिस ने 150 से ज्यादा गवाहों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आफताब का वाइस सैंपल भी रिकॉर्ड किया था।
