अजा एकादशी पर श्याममय हुआ बीकानेर, पंचरंगी फूलों से सजे बाबा श्याम के दर्शन को उमड़ा आस्था का सैलाब

  • बीकानेर। अजा एकादशी के पावन अवसर पर जयपुर रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। बाबा श्याम के मनमोहक और अद्भुत श्रृंगार के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। पूरे दिन मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा।

पंचरंगी फूलों से हुआ बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार

अजा एकादशी के अवसर पर श्री श्याम मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया। दिल्ली से मंगाए गए विभिन्न प्रकार के रंग-बिरंगे फूलों से बाबा श्याम का पंचरंगी पुष्प श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे बाबा श्याम का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। बाबा के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर नजर आए।

इत्र, मोर पंख और गुलाब किए अर्पित

बाबा श्याम के दरबार में श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा के अनुसार इत्र की सीसी, मोर पंख और गुलाब अर्पित किए। इससे मंदिर परिसर में चारों ओर इत्र की मनमोहक खुशबू फैलती रही।

श्रद्धालु बाबा श्याम के समक्ष अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचे और सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मनोकामना पूर्ति की आस्था के चलते कई श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में मौली से नारियल बांधकर अपनी मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना भी की।

चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों ने भी लगाई हाजिरी

अजा एकादशी पर बाबा श्याम के दरबार में आगामी पार्षद चुनाव में मैदान में उतरने वाले कई संभावित प्रत्याशी भी पहुंचे। उन्होंने बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और अपनी सफलता के लिए प्रार्थना की।

मंदिर में राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों के साथ-साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भी अच्छी-खासी भीड़ रही।

महिलाओं ने भजनों से किया बाबा श्याम का गुणगान

मंदिर प्रांगण में महिलाओं ने बाबा श्याम के भजनों का गुणगान कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “अरज सुनो सांवरिया, हमने सहारा तुम्हारा लिया” सहित अनेक भजनों से महिलाओं ने बाबा श्याम को रिझाया। भजनों के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।

पूरे मंदिर परिसर में “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” और बाबा श्याम के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर बाबा के दर्शन करते रहे और परिवार सहित सुख-शांति की कामना की।

भक्तों को वितरित किया प्रसाद

अजा एकादशी के अवसर पर मंदिर समिति की ओर से दर्शन के लिए पहुंचे सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई। भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन के बाद प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा।

अजा एकादशी पर श्री श्याम मंदिर में आयोजित विशेष श्रृंगार और भक्ति कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को श्याममय कर दिया। रंग-बिरंगे फूलों से सजे बाबा श्याम का मनोहारी स्वरूप, इत्र की खुशबू, भजनों की मधुर धुन और गूंजते जयकारे श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का यादगार अनुभव बन गए।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories