राजस्थान में पंचायत चुनावों की घोषणा आज संभव

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनावों की घोषणा शनिवार, 3 अक्टूबर को होने जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग ने दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें चुनाव कार्यक्रम जारी किया जाएगा। प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में कराए जाने की संभावना है। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से, जबकि पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो जाएगी, जो करीब दो महीने तक रहने की संभावना है। इस दौरान तबादलों पर भी पाबंदी रहेगी।

इन चुनावों के जरिए प्रदेश में करीब 1.69 लाख पंचायतीराज जनप्रतिनिधि चुने जाएंगे। इनमें 1,403 जिला परिषद सदस्य और 8,245 पंचायत समिति सदस्य शामिल हैं। इन्हीं के जरिए प्रदेश में 41 जिला प्रमुख और 457 पंचायत समितियों में प्रधान चुने जाएंगे। वहीं 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच, उपसरपंच और करीब 1.30 लाख वार्ड पंचों के चुनाव होंगे। पंचायतीराज चुनावों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण लागू रहेगा। 41 जिला प्रमुखों में से 20 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। खास बात यह है कि बीकानेर संभाग के सभी जिलों में महिला जिला प्रमुख चुनी जाएंगी।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *