आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पोस्टमार्टम पर बनी सहमति

नोखा । श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के ग्राम धुंधवालों की ढाणी (अलाय) निवासी मनीष जांगू पुत्र लुणाराम जांगू की 17 अप्रैल को हुई निर्मम हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या के बाद शव को नोखा क्षेत्र के बंधड़ा गांव की सुनसान रोही में फेंक देना मानवता को शर्मसार करने वाली है। घटना के विरोध में परिजनों व ग्रामीणों ने मृतक के शव नोखा स्थित बागड़ी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार दो दिनों तक धरना दिया। कांग्रेस नेता मुरली गोदारा ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रविवार को परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए सहमति दी। इस दौरान नोखा वृताधिकारी जरनेल सिंह एवं थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज भी धरना स्थल पर पहुंचे। धरने में नागौर प्रधान श्रवण मेघवाल, मंगनाराम, काहिरा सरपंच रामदेव शिवराण, मकोड़ी सरपंच भंवरलाल जांगू, धुंधवालों की ढाणी सरपंच भंवर गोदारा, मोडाराम जांगू, तिलोक खिलेरी, अशोक जांगू, पोकरराम गोदारा, नेमाराम धुंधवाल, लाधुराम गोदारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *