बीकानेर, 13 अक्टूबर, 2026 l
राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर के भौतिकी विभाग में कार्यरत सहायक आचार्य डॉ. भुवनेश्वर सुथार को उनके बेहतरीन शोध कार्य के लिए विश्व के 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि डॉ. सुथार अपने शोध कार्यों से पिछले चार वर्षों से स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी अमेरिका के एल्सेवियर के द्वारा निरंतर विश्व के प्रतिष्ठित 2% वैज्ञानिकों की सूची में शामिल रहे हैं ।
राजकीय डूंगर महाविद्यालय के विद्यार्थी रह चुके डॉ. सुथार वर्ष 2021 से निरंतर इस महाविद्यालय के भौतिकी विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
डॉ. सुथार ने वर्ष 2012 से 2026 के बीच बीकानेर में आठ अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के आयोजन में समन्वयक, सह-समन्वयक और आयोजन सचिव के रूप में भूमिका निभाई है ।
उनके शोध कार्य में 130 से अधिक शोध-पत्र शामिल है, जो विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए हैं। उनके अब तक प्रकाशनों के 2000 से अधिक उद्धरण है तथा एच-इंडेक्स 35 है।
डॉ. सुथार विभिन्न अंतराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं के लिए 250 से अधिक शोध-पत्रों की समीक्षा कर चुके हैं और स्प्रिंगर की एक शोध पत्रिका “जर्नल ऑफ़ ऑप्टिक्स” में एसोसिएट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं।
2023 से 2026 तक उनकी यह उपलब्धि वर्षों के शोध प्रकाशन, अकादमिक गतिविधियों, सम्मेलन आयोजन, समीक्षा और संपादकीय कार्य की निरंतरता से जुड़ी है।
उनका प्रमुख शोध क्षेत्र प्रकाशिकी और फोटोनिक्स है, जिनमे एक-आयामी फोटोनिक क्रिस्टल, प्रकाशीय संवेदक तथा फोटोनिक संरचनाओं के सैद्धांतिक एवं संगणकीय अध्ययन शामिल है ।
उनकी इस उपलब्धि से सम्पूर्ण महाविद्यालय परिवार गौरवान्वित है । उनकी इस उपलब्धि पर अत्यंत हर्ष प्रकट करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि उनके शोध कार्य भविष्य में युवा शोधकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक का कार्य करेंगे ।
उन्होंने डॉ. सुथार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि महाविद्यालय के अनेक विद्वान संकाय सदस्यों में यह क्षमता विद्यमान है । उन्हें भी इनसे प्रेरित होकर अपने ज्ञान एवं जिज्ञासा के माध्यम से शोध के नए आयाम स्थापित करने में अपनी अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए ।



