राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज ने संत-महात्माओं का किया अभिनंदन

मथुरा। श्रीधाम बहुलावन, बाटी स्थित श्री सीताराम मंदिर महावीर बाग के त्यागी बाबा आश्रम में साकेतवासी वैष्णव कुलभूषण श्रीश्री 108 महंत श्यामदास जी महाराज (त्यागी बाबा) की प्रथम पुण्यतिथि महामहोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। परम पूज्य श्री सियाराम जी महाराज की कृपा, पूज्य गुरुदेव श्री रामदास जी महाराज के सान्निध्य तथा राष्ट्रीय संत श्री सरजूदास जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित यह धार्मिक महोत्सव 23 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बहुलावन धाम से बाटी गांव के लगभग तीन किलोमीटर क्षेत्र में निकली यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, जय श्रीराम के जयघोष और राधे-राधे के उद्घोष से संपूर्ण ब्रजभूमि भक्तिमय हो उठी। श्रद्धालुओं ने त्यागी बाबा के त्याग, तपस्या, गौ-सेवा और धर्ममय जीवन का स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि धर्म और सेवा के कार्यों से समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है। ईश्वर की कृपा और संत-महात्माओं का आशीर्वाद लोगों को सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। आयोजन से जुड़े मोहित पहलवान ने बताया कि महोत्सव में देशभर से अनेक प्रतिष्ठित संत-महात्मा और धर्माचार्य शामिल हो रहे हैं। इनमें श्री माधवाचार्य जी महाराज, श्री दिलीप देवाचार्य जी महाराज, श्री विजयरामदेवाचार्य भैयाजी महाराज, श्री वैष्णवदास जी महाराज, श्री राजेन्द्रदास जी महाराज, महामंडलेश्वर श्री भक्तिदास जी महाराज, महंत श्री गरीबदास जी महाराज, महंत श्री विष्णुदास जी महाराज, महंत प्रेमदास जी महाराज, महंत शत्रुध्नदास जी महाराज, महंत परसमदास जी महाराज, महंत दीनबंधुदास जी महाराज, महंत गंगादास जी महाराज, श्री रामेश्वरदास जी महाराज, संत रघुवीरदास जी महाराज, महामंडलेश्वर राधे बाबा, आचार्य धर्मदेव जी और महंत मौनी बाबा सहित अनेक संत शामिल हैं। इस अवसर पर संत-महात्माओं ने महामंडलेश्वर श्री सरजूदास जी महाराज का संत सम्मान भी किया।

भव्य कलश यात्रा के पश्चात श्री श्यामसुंदर पाराशर जी महाराज ने श्रीमद्भागवत कथा का मंगलमय शुभारंभ किया। वृंदावन धाम के डॉ. श्यामसुंदर पाराशर प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक कथा का वाचन करेंगे। आयोजन के अंतर्गत श्री हनुमंत महायज्ञ और विराट संत सम्मेलन भी आयोजित होंगे। 30 अक्टूबर को रात 8 बजे से 11 बजे तक श्रीकुंजबिहारी श्री हरिदास जी महाराज तथा 31 अक्टूबर को बाबा श्री चित्र-विचित्र जी महाराज की ओर से विराट भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। नौ दिवसीय इस महामहोत्सव में देशभर से अनेक पूजनीय संतों, तपस्वियों, जगद्गुरुओं और धर्माचार्यों के आगमन से बहुलावन धाम में धार्मिक एवं आध्यात्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *