बीकानेर, 26 अक्टूबर
आज जिला स्तरीय प्रबल कार्यक्रम का आयोजन पीएम श्री राजकीय सादुल विद्यालय में हुआ। इसमें बीकानेर के शिक्षा विभाग के 10 ब्लॉकों से 20 विद्यार्थियों ने आशु भाषण और भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें से चार विद्यार्थियों खुशी, निरमा, हिमालय और अमित का चयन राज्य स्तरीय प्रबल कार्यक्रम के लिए हुआ। प्रबल कार्यक्रम के जिला प्रभारी डॉ. विष्णु दत्त जोशी ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रबल कार्यक्रम प्रतिवर्ष जयपुर में आयोजित होता है, जिसमें राजस्थान के सभी जिलों के कुल 164 विद्यार्थी विधानसभा में पक्ष प्रतिपक्ष का प्रतिनिधित्व करके विभिन्न राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर बहस करते हैं और कानून बनाने की प्रक्रिया सीखते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ अरुण कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, समग्र शिक्षा, कृष्ण कुमार बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी,डाइट प्रवीण कुमार खत्री,प्रधानाचार्य रेणुका व्यास,सुशीला जयपाल और कीर्ति बंसल उपस्थित रहे। डॉ. अरुण कुमार ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की तथा उन्हें अपने भीतर संवैधानिक मूल्य का विकास कर भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया।
समग्र शिक्षा बीकानेर के सहायक परियोजना समन्वयक, ब्रजेश शर्मा ने सभी आगंतुक अतिथियों और का आभार ज्ञापन किया। शिवकरण सिंह, राजकुमार ओझा, दिनेश जनागल, नैंसी रानी और मनोज बिस्सा ने कार्यक्रम में सहयोग किया।





