बीकानेर। दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यात्रियों को आसानी से सीट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल की 15 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने निगरानी बढ़ा दी है।रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और पार्सल कार्यालयों में स्क्वॉड डॉग, एक्स-रे बैगेज स्कैनर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के माध्यम से सघन जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में पटाखे, फुलझड़ियां, रॉकेट, गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और केरोसिन जैसे ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वालों पर विशेष नजर रहेगी। रेलवे पुलिस के जवान प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार गश्त कर रहे हैं।यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर भी शुरू किए गए हैं। इसके अलावा ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) को सुचारू किया गया है। डिजिटल भुगतान के लिए बारकोड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यात्री RailOne ऐप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेन्द्र जोशी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल RPF, GRP, TTE अथवा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।





