बीकानेर: 9 अगस्त को अग्रवाल भवन में होगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श व उपचार

बीकानेर। अग्रवाल समाज चेतना समिति एवं मारवाड़ हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में 9 अगस्त (रविवार) को व्यास कॉलोनी स्थित अग्रवाल भवन में विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक आमजन को निःशुल्क परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार संबंधी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस संबंध में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अग्रवाल समाज चेतना समिति के अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने कहा कि समाज सेवा समिति की प्राथमिकता रही है। इसी उद्देश्य के तहत मारवाड़ हॉस्पिटल के सहयोग से इस चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, ताकि आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य जांचें बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने सभी समाजों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की।

डॉ. वेद गोयल ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. नवनीत सुथार, डॉ. एम.जी. भट्टड़, डॉ. निशांत वर्मा, डॉ. तारिक मोहम्मद तस्लीम तथा डॉ. इमरान खान अपनी सेवाएं देंगे। मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

मारवाड़ हॉस्पिटल के संपर्क अधिकारी सुनील शर्मा एवं डॉ. एम.जी. भट्टड़ ने बताया कि शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, लिवर तथा हृदय संबंधी जांचों सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण निःशुल्क किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।

प्रेस वार्ता के अंत में प्रदीप कुमार लाट एवं समिति के मंत्री मनीष चौधरी ने मीडिया प्रतिनिधियों और उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस जनसेवा अभियान की सफलता समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी पर निर्भर है। इसलिए सभी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस पहल को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर मारवाड़ हॉस्पिटल के प्रतिनिधियों, अग्रवाल समाज चेतना समिति के पदाधिकारियों, महिला कार्यकारिणी की सदस्याओं सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *