जर्जर सड़क ने बढ़ाई आमजन की चिंता, कांग्रेस ने यूआईटी को सौंपा ज्ञापन

  • बसों के सफर पर मंडराया खतरा
    सीकर, [मुहम्मद सादिक]। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीकर के अध्यक्ष राजेश सैनी के नेतृत्व में वार्डवासियों ने सोमवार को यूआईटी सचिव को एक ज्ञापन सौंपकर शहर के प्रमुख संपर्क मार्ग की दयनीय स्थिति से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने मात्र छाया रेजीडेंसी से आशीर्वाद रेजीडेंसी होते हुए जयपुर-झुंझुनू बाईपास तक जाने वाले मुख्य रास्ते के तत्काल निर्माण और मरम्मत की मांग उठाई।
    पानी भराव व झाड़ियों ने निगली सड़क:
    ज्ञापन में बताया गया कि यह मार्ग प्रधानमंत्री आवास योजना की दो प्रमुख कॉलोनियों को बाईपास से जोड़ने वाली जीवन रेखा है, लेकिन बरसात के मौसम में मार्ग पर पानी भराव, झाड़-झंखाड़ और पेड़-पौधों के फैल जाने से यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। आमजन, राहगीर और विशेष रूप से स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों को प्रतिदिन इस जर्जर सड़क पर जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है।
    प्रतिदिन 50 स्कूल बसों पर संकट:
    प्रतिनिधिमंडल ने यूआईटी सचिव को बताया कि प्रतिदिन सुबह इस मार्ग से लगभग 40 से 50 स्कूल बसें सहित अनेक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों में हड़कंप की स्थिति है।
    कांग्रेस अध्यक्ष बोले- जनता की सुरक्षा पहली प्राथमिकता हो:
    ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश सैनी ने यूआईटी सचिव से मांग करते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग की तत्काल सफाई, जल निकासी की उचित व्यवस्था तथा सड़क का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासियों को मजबूरन आंदोलनात्मक रुख अपनाना पड़ेगा।
    इन रहे मौजूद:
    इस दौरान सज्जन सुनार, ओमप्रकाश मीणा, रामोतार सैनी, प्रकाश सैनी, मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।
Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *