बीकानेर। बीकानेर पुलिस, साइबर सेल और खाजूवाला थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय नार्को-आर्म्स सिंडिकेट से जुड़े 75 हजार रुपये के इनामी आरोपी राकेश प्रजापत (29) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर बीकानेर आईजी और एसपी द्वारा 75 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, राकेश प्रजापत अप्रैल 2026 में खाजूवाला बॉर्डर पर ड्रोन के जरिए हुई करीब 75 करोड़ रुपये की हेरोइन तस्करी का मास्टरमाइंड था। इस मामले में पहले पुलिस ने करीब 11 किलो अफगानी हेरोइन, 11 विदेशी पिस्टल, 22 मैगजीन और 100 कारतूस बरामद किए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के माध्यम से नशा और हथियार मंगवाकर पंजाब सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वर्ष 2024-25 में पंजाब की फरीदकोट जेल में बंद रहने के दौरान आरोपी की अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से पहचान हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशा और हथियारों की तस्करी का नेटवर्क खड़ा कर लिया।
राकेश प्रजापत के खिलाफ राजस्थान, पंजाब, गोवा और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत कुल 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पिछले करीब 13 महीनों से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।
पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय ड्रोन सप्लाई चेन, तस्करी नेटवर्क और अन्य सहयोगियों से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।





