बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने जनरल स्टोर से सामान खरीदने के बाद Google Pay से भुगतान किए जाने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया और सामान लेकर मौके से निकल गए।
पुलिस को दी शिकायत में भादाणी बास निवासी रामेश्वरलाल पुत्र सुखाराम जाट ने बताया कि वह पलाना स्थित जनसनाथ जनरल स्टोर पर दुकान चलाते हैं। शिकायत के अनुसार, दो युवक दुकान पर पहुंचे और कुछ सामान खरीदा। सामान लेने के बाद दोनों ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही।
आरोप है कि युवकों ने Google Pay भुगतान का फर्जी स्क्रीनशॉट/भुगतान दिखाकर दुकानदार को पैसे जमा होने का विश्वास दिला दिया। दुकानदार के भरोसा करने के बाद दोनों युवक सामान लेकर वहां से चले गए। बाद में जब भुगतान की जांच की गई तो रकम खाते में जमा नहीं होने की बात सामने आई, जिसके बाद धोखाधड़ी का पता चला।
मामले में हितेश रावत और लक्की, निवासी बीकानेर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। देशनोक थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ घटना से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।




