नोखा-नागौर की बसों का बदलेगा रूट, अब रानी बाजार की बजाय 5 नंबर रोड से होगा संचालन

रानी बाजार-जाम से मिलेगी राहत? नोखा-नागौर बसों के रूट में बदलाव की तैयारी

बीकानेर। शहर में रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए नोखा-नागौर रूट की बसों के संचालन में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नई व्यवस्था लागू होने पर इन बसों को रानी बाजार के बजाय रोड नंबर-5, जैन कॉलेज चौराहा होते हुए नोखा रोड की ओर भेजा जाएगा।

यातायात शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक कानाराम के अनुसार रानी बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इसी को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू करने और वाहन चालकों के साथ आमजन को राहत देने के उद्देश्य से नया रूट प्रस्तावित किया गया है।

बसों और भारी वाहनों के लिए यह रहेगा प्रस्तावित मार्ग

प्रस्ताव के अनुसार बीकानेर से नोखा-नागौर की ओर जाने वाली बसों सहित मध्यम और भारी वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से चौपड़ा कटला की तरफ ले जाकर रोड नंबर-5, सिनेमेजिक और जैन कॉलेज चौराहा होते हुए नोखा रोड की ओर निकाला जाएगा।

इसके अलावा मध्यम व हल्के चार पहिया वाहनों के लिए भी अलग रूट का सुझाव दिया गया है। इन वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलन स्वीट मोड़, अपेक्स हॉस्पिटल, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल होते हुए गंगाशहर रोड की तरफ भेजने का प्रस्ताव है।

हॉस्पिटल रोड और गोगागेट पर भी कम होगा ट्रैफिक

यातायात शाखा का मानना है कि नोखा-नागौर रूट की बसों को रोड नंबर-5 और जैन कॉलेज चौराहा होकर निकालने से रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर वाहनों का दबाव कम हो सकता है। इसका असर हॉस्पिटल रोड, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल पर भी देखने को मिलेगा।

नई व्यवस्था का उद्देश्य शहर के इन प्रमुख मार्गों पर यातायात को व्यवस्थित करना और बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाना है।

23 अगस्त तक मांगे आपत्ति और सुझाव

प्रस्तावित रूट को लेकर यातायात शाखा ने आमजन से आपत्तियां और सुझाव मांगे हैं। यदि किसी व्यक्ति को इस व्यवस्था पर आपत्ति है या कोई सुझाव देना चाहता है, तो वह 23 अगस्त 2026 तक यातायात शाखा, बीकानेर में लिखित रूप से अपनी आपत्ति या सुझाव दर्ज करवा सकता है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *