बीकानेर, 20 अगस्त 2026। अखंड राजपूताना सेवासंघ के सौजन्य एवं आज का कर्मवीर सोशल फाउंडेशन के सहयोग से राजपूताना बिजनेस नेटवर्क 2026 का तीन दिवसीय ग्रैंड राजपूताना कॉन्क्लेव 21 से 23 अगस्त तक बीकानेर के ऐतिहासिक दरबार हॉल, लालगढ़ पैलेस में आयोजित किया जाएगा। कॉन्क्लेव की थीम “From Dialogue to Action, From Vision to Impact” रखी गई है।
होटल लक्ष्मी निवास पैलेस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजपूताना बिजनेस नेटवर्क के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर आर. पी. सिंह दुर्गावंश ने बताया कि कॉन्क्लेव में देश-विदेश से नीति-निर्माता, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक, महिला नेतृत्वकर्ता, शिक्षाविद् और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे।
आयोजन का उद्देश्य व्यवसाय, शासन, नेतृत्व, निवेश, नवाचार, वैश्विक कनेक्ट, सामाजिक प्रभाव एवं विरासत से जुड़े प्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाकर संवाद को ठोस कार्ययोजना, साझेदारी और दीर्घकालीन प्रभाव में बदलना है।
21 अगस्त को भव्य उद्घाटन और नीतिगत सत्र
कॉन्क्लेव का शुभारंभ शुक्रवार, 21 अगस्त को दोपहर 3 बजे भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। इसके बाद “राष्ट्र निर्माण, शासन एवं नीतिगत दिशा” विषय पर प्रथम सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें राजस्थान हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति राव करणी सिंह राठौड़, पश्चिम बंगाल के कैबिनेट मंत्री अर्जुन सिंह, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़, नेपाल के मधेश प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश सिंह, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी सहित कई प्रमुख वक्ता विचार रखेंगे।
इसके बाद “इंटरनेशनल बिजनेस एवं ग्लोबल कनेक्ट” सत्र में वैश्विक विस्तार एवं प्रवासी भारतीयों की भूमिका पर चर्चा होगी। रियल एस्टेट एवं मैन्युफैक्चरिंग पर पैनल चर्चा और महिला उद्यमियों के लिए “Breaking Barriers, Building Businesses” विशेष सत्र भी आयोजित होगा। दिन का समापन दरबार हॉल में ए.एस.आर. लाइव ग्रुप ऑफ आर्टिस्ट्स, नई दिल्ली की रॉयल कल्चरल इवनिंग के साथ होगा।
22 अगस्त को बिजनेस, निवेश और सामाजिक प्रभाव पर मंथन
शनिवार, 22 अगस्त को आध्यात्मिक सत्र के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर, रियल एस्टेट एवं माइनिंग, निवेश, टेक्नोलॉजी, सेल्स, मार्केटिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
दोपहर के सत्रों में राजनीतिक नेतृत्व एवं आर्थिक नीति, राज्य की शक्ति, उद्योग एवं रोजगार, समाज की राष्ट्र निर्माण में भूमिका, वेलनेस एवं लाइफस्टाइल तथा महिला आर्थिक सशक्तिकरण जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा। “Startup India, Global Trade & Innovation” तथा “Social Impact & Future India” पर विशेष सत्र भी होंगे।
शाम को राजपूताना अचीवर्स अवॉर्ड सेलिब्रेशन, ए.एस.आर. म्यूजिक नाइट और रॉयल फैशन शो का आयोजन किया जाएगा।
23 अगस्त को तैयार होगा भविष्य का रोडमैप
रविवार, 23 अगस्त को “Two-Day Conclusion, Future Roadmap & Action Plan” विषय पर ग्रैंड राउंड टेबल आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता ठाकुर आर. पी. सिंह दुर्गावंश करेंगे।
इसमें कॉन्क्लेव के दौरान सामने आए विचारों, सुझावों और कारोबारी अवसरों को ठोस राष्ट्रीय कार्ययोजना में बदलने पर मंथन किया जाएगा। इसके बाद एआरएस एवं आरबीएन कोर टीम की बैठक और ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी होगी, जिसमें अगली कॉन्फ्रेंस के मेजबान शहर एवं संभावित तिथि की घोषणा की जाएगी।
सामाजिक सेवा के दस वर्षों की रिपोर्ट भी होगी प्रस्तुत
कॉन्क्लेव के दौरान अखंड राजपूताना सेवासंघ की वर्ष 2015-16 से 2024-25 तक की गतिविधियों एवं सामाजिक सेवा कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। प्रेस नोट के अनुसार संगठन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजन सहायता, आर्थिक सहायता, कौशल विकास, पौधरोपण और जन-जागरूकता सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किया है।
कोविड-19 महामारी के दौरान भी संगठन की ओर से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक एवं खाद्य सहायता तथा अस्पतालों को पीपीई किट, बेड और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने का उल्लेख किया गया है।
आयोजकों के अनुसार राजपूताना बिजनेस नेटवर्क 2026 केवल तीन दिवसीय सम्मेलन नहीं, बल्कि संवाद को साझेदारी, साझेदारी को कार्ययोजना और कार्ययोजना को दीर्घकालीन प्रभाव में बदलने की पहल है।




