सार्दुल गंज स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के संभागीय केंद्र में राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्यतिथि एवं विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों सहित 103 लोगों ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया। केंद्र प्रभारी बीके कमल ने बताया कि शिविर का आयोजन समाज सेवा प्रभाग एवं ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त अभियान के तहत ‘रक्तदान करें, जीवन बचाएं और विश्व बंधुत्व की भावना जन-जन तक पहुंचाएं’ संदेश के साथ किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने अभियान की सराहना करते हुए रक्तदान को मानवीय सेवा का प्रभावी माध्यम बताया। शिविर में ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग एवं सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के रक्त केंद्र का सहयोग रहा। इस दौरान रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र के साथ ईश्वरीय संदेश भी प्रदान किए गए।


