बीकानेर (नसं)। बीकानेर नगर निगम चुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इससे पहले शहर में आचार संहिता की पालना को लेकर जिला प्रशासन की सुस्ती सामने आई है। शहर के बीचों-बीच नगर निगम की दो टॉयलेट बसों पर पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित की तस्वीर लगी हुई है, जिसे कांग्रेस नेताओं ने आचार संहिता के विपरीत बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। नगर निगम ने करीब एक साल पहले कोटगेट से अणचाबाई अस्पताल जाने वाले रास्ते और फोर्ट स्कूल के पास महिलाओं की सुविधा के लिए दो टॉयलेट बसें खड़ी की थीं, लेकिन दोनों बसों के दोनों तरफ तत्कालीन महापौर की तस्वीरें लगी होने के बावजूद आचार संहिता लागू होने के बाद उन्हें न हटाया गया और न ही ढका गया। इस मामले में कांग्रेस नेता व शहर इकाई के पूर्व महासचिव रवि पुरोहित ने आपत्ति जताते हुए तत्काल तस्वीरें हटाने के साथ शहर के अन्य स्थानों पर भी गहन निरीक्षण की मांग की है। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।



