र
बीकानेर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जयपुर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्णमासी के चांद की चांदनी में सजे बाबा खाटू श्याम का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। चांदनी रात में मंदिर की छटा ऐसी मनमोहक नजर आई कि मानो बाबा के दरबार की सुंदरता में पूर्णमासी के चांद ने भी चार चांद लगा दिए हों।
रक्षाबंधन के अवसर पर शाम होते ही बाबा के दर्शन एवं उन्हें राखी अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। बड़ी संख्या में महिलाएं विशेष रूप से बाबा खाटू श्याम के दरबार में पहुंचीं और श्रद्धा एवं विश्वास के साथ राखियां अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने बाबा को अपना भाई मानकर राखी बांधी और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर में शाम की भव्य आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। आरती के साथ गूंजते बाबा के भजनों से पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और बाबा के जयकारे लगाते नजर आए। वातावरण में गूंजते “श्याम बाबा की जय” के जयघोष ने माहौल को और अधिक आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य पुजारी चेतन शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन के पर्व पर बाबा के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर में आने वाले सभी भक्तों को बाबा की मोरछड़ी से आशीर्वाद प्रदान किया गया। श्रद्धालुओं ने भी बाबा के दर्शन कर मोरछड़ी का आशीर्वाद प्राप्त किया और अपने परिवार के लिए सुख-शांति की प्रार्थना की।
पूर्णमासी की चांदनी में मंदिर की सजावट और बाबा का दिव्य श्रृंगार देखते ही बन रहा था। मंदिर परिसर में पहुंचे अनेक श्रद्धालु पूर्णमासी के चांद और बाबा खाटू श्याम के मंदिर के साथ अपनी तस्वीरें खिंचवाते हुए भी नजर आए। चांद की रोशनी में मंदिर का भव्य स्वरूप और भक्तों की आस्था का नजारा देर रात तक आकर्षण का केंद्र बना रहा।
रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर बाबा के दरबार में महिलाओं द्वारा राखी अर्पित करने की परंपरा ने पूरे आयोजन को भावनात्मक और आध्यात्मिक रंग दे दिया। श्रद्धालुओं का कहना था कि पूर्णमासी की चांदनी, बाबा का मनमोहक श्रृंगार, भजनों की मधुर धुन और भक्तों की आस्था ने इस बार रक्षाबंधन की शाम को यादगार बना दिया।@all

