बीकानेर। बीकानेर नगर निगम मेयर चुनाव की गहमागहमी के बीच बीकानेर विकास प्राधिकरण ने कांग्रेस के पार्षद मनोज बिश्नोई को उनकी होटल संचालन को लेकर नोटिस जारी किया है। बिश्नोई के रानी बाजार क्षेत्र स्थित होटल शौर्य 3.0 को लेकर जारी नोटिस में भवन उप नियमों (बिल्डिंग बायलॉज) के विपरीत निर्माण किए जाने की बात कही गई है। आदेश में कहा गया है कि होटल प्रथम दृष्ट्या भवन उप नियमों के विपरीत बना हुआ है।
प्राधिकरण की ओर से होटल के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज, भवन निर्माण स्वीकृति, स्वीकृत मानचित्र की छायाप्रति, भू-उपयोग परिवर्तन सहित अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 9 फरवरी को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के बावजूद जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अब नया नोटिस जारी किया गया है। इसमें नोटिस प्राप्ति के दो दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नोटिस पर मनोज बिश्नोई का जवाब: नोटिस के खिलाफ मनोज बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा कि उनके होटल में किसी तरह की अवैध या अनैतिक गतिविधि नहीं होती है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद यदि कोई कार्रवाई की जाती है तो उसका जवाब लौटकर आएगा। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास बताया।
पहले भी जारी हो चुके हैं नोटिस: मनोज बिश्नोई पहले निर्दलीय पार्षद थे, जबकि इस बार वे कांग्रेस के पार्षद हैं। इससे पहले खेजड़ी आंदोलन के दौरान भी वे सक्रिय रहे थे। उस समय भी उनके होटल को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। अब एक बार फिर होटल को लेकर नोटिस जारी होने के बाद बीकानेर की स्थानीय राजनीति में मामला चर्चा में है।



