जयपुर। राजस्थान में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन लाइफ के लिए इको क्लब’ अभियान को लेकर स्कूल शिक्षा परिषद ने सख्ती दिखाई है। परिषद ने प्रदेश के सभी जिलों को राज्य के 1 लाख 6 हजार 327 विद्यालयों में इको क्लब गठन और सदस्यता संबंधी अधिसूचना का डेटा पोर्टल पर 100 प्रतिशत अपलोड करवाने के निर्देश दिए हैं।राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा ने 23 नवंबर 2026 को जारी आदेश में सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों तथा समग्र शिक्षा के जिला एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयकों को अभियान में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।निजी स्कूलों की प्रगति बेहद धीमीआदेश के अनुसार प्रदेश में अब तक लगभग 89 प्रतिशत राजकीय विद्यालयों ने इको क्लब गठन का प्रमाण-पत्र और सदस्यता संबंधी डेटा पोर्टल पर अपलोड किया है, जबकि निजी विद्यालयों में यह आंकड़ा महज 37 प्रतिशत है। निजी स्कूलों की धीमी प्रगति को देखते हुए विभाग ने विशेष फोकस करने के निर्देश दिए हैं।जिला और ब्लॉक स्तर पर तय होगी जिम्मेदारीअभियान की निगरानी के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। वहीं ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक संसाधन व्यक्ति (आरपी) को राजकीय और निजी विद्यालयों के अलग-अलग लक्ष्य आवंटित किए जाएंगे। सभी विद्यालयों से मिशन मोड में लंबित डेटा अपलोड करवाने और नियमित समीक्षा करने को कहा गया है। शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल होने तक मॉनिटरिंग जारी रहेगी।बजट और गतिविधियों के आयोजन पर भी जोरपरिषद ने इको क्लब के लिए आवंटित बजट का समयबद्ध एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यालयों में पौधारोपण, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, प्लास्टिक मुक्त परिसर और स्वच्छता जैसी गतिविधियां आयोजित करवाने पर जोर दिया गया है।धरातल पर दिखें पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियां : मोहर सिंह सलावदशिक्षक संघ एलीमेंट्री सेकेंडरी टीचर एसोसिएशन (रेसटा) राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि इको क्लब अभियान विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और वैज्ञानिक सोच विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि केवल पोर्टल पर आंकड़े अपलोड करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी नियमित रूप से होनी चाहिए।उन्होंने सुझाव दिया कि राजकीय और निजी विद्यालयों में इको क्लब केवल औपचारिकता बनकर न रहें। इसके लिए शिक्षकों को आवश्यक संसाधन, समय और विभागीय सहयोग दिया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यार्थी पर्यावरण संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।



