बीकानेर। खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बीकानेर को नई सौगात मिलने जा रही है। सादुल स्पोर्ट्स क्लब परिसर में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज तैयार की जा रही है। वर्ष 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए विकसित की जा रही इस रेंज का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। क्लब अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ और सचिव एमपी सिंह सोइन के अनुसार, यहां ओलंपिक मानकों के अनुरूप आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। इंग्लैंड की प्रोमेटिक कंपनी से मंगवाई गई कुल 17 मशीनों में 15 ट्रैप और 2 स्कीट स्पर्धाओं के लिए हैं। मशीनों की स्थापना के लिए इंग्लैंड से इंजीनियर केविन और जोस बीकानेर पहुंचे हैं। करीब तीन बीघा जमीन पर बनी इस रेंज में विशेष शेड तैयार किया गया है, जिसके नीचे भूमिगत मशीनें लगाई गई हैं। इन मशीनों की मदद से अलग-अलग दिशाओं में डिस्क छोड़ी जाएंगी, जिन पर निशानेबाज अभ्यास करेंगे।
रेंज के उद्घाटन से पहले शुक्रवार को एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके निशानेबाज उद्धव सिंह हरासर ने सिंगल ट्रैप और डबल ट्रैप स्पर्धाओं का लाइव डेमो दिया। क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ अनुभवी राष्ट्रीय स्तर के कोच उपलब्ध करवाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर विदेशी कोच भी बुलाए जाएंगे। इसके अलावा, प्रशिक्षण के लिए क्लब की ओर से बंदूकें भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। क्लब अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ के अनुसार, नेशनल राइफल एसोसिएशन के तकनीकी अधिकारी रेंज का निरीक्षण कर विस्तृत परीक्षण करेंगे। आवश्यक प्रमाण पत्र मिलने और जिला प्रशासन से अनुमति प्राप्त होने के बाद यहां प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। सचिव एमपी सिंह सोइन ने बताया कि क्लब परिसर में पहले से ही बास्केटबॉल, टेनिस, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, तीरंदाजी, क्रिकेट, पिकलबॉल, बैडमिंटन, बिलियर्ड्स और तैराकी सहित कई खेलों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां प्रतिदिन औसतन 300 से 400 बच्चे अभ्यास करते हैं। नई शूटिंग रेंज शुरू होने से बीकानेर के युवा निशानेबाजों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।




