नथूसर गेट पर दर्दनाक हादसा: कचरा वाहन की टक्कर से SBI कर्मचारी गंभीर घायल, जांच और कार्रवाई की मांग

बीकानेर। शहर के नथूसर गेट क्षेत्र में नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहन की चपेट में आने से भारतीय स्टेट बैंक के कर्मचारी केशव दत्ता आचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वर्तमान में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में डॉ. दिनेश सोढ़ी के सानिध्य में उनकी सर्जरी की जा रही है।

परिजनों के अनुसार, कचरा संग्रहण के दौरान नगर निगम का वाहन उन्हें अपनी चपेट में लेने के बाद कथित तौर पर घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिवार इस समय बेहद चिंतित है।

इस घटना के बाद नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था और वाहनों के संचालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि वाहनों के संचालन, चालकों की योग्यता और सुरक्षा मानकों की निगरानी में लापरवाही की जांच होनी चाहिए।

परिवार की ओर से महापौर अनिल कल्ला से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की गई है। साथ ही दुर्घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी चालक और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और उपचार में सहायता उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई है।

परिवार ने शहर में संचालित सभी कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, प्रशिक्षण, मेडिकल जांच और नशे की जांच करवाने की भी मांग की है। इसके अलावा वाहनों की फिटनेस, बीमा, सुरक्षा उपकरणों और नगर निगम की टेंडर प्रक्रिया का ऑडिट करवाने की मांग की गई है।

परिजनों का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था के साथ नागरिकों की सुरक्षा भी नगर निगम की जिम्मेदारी है। इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories