बीकानेर। दिशोदय स्पोर्ट्स फाउंडेशन में खेलो बीकानेर क्लब के द्वारा रविवार को भर्मन पथ में आयोजित संडे स्पोर्ट्सलैब में बच्चों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें मोबाइल स्क्रीन के बढ़ते उपयोग और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।निदेशक निशा लिंबा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खो-खो, कोऑर्डिनेशन गेम्स, स्ट्रेंथ गेम्स एवं जंपिंग गेम्स जैसी मनोरंजक और शारीरिक क्षमता बढ़ाने वाली गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन खेलों के माध्यम से बच्चों को शारीरिक संतुलन, आपसी तालमेल, फुर्ती, ताकत, एकाग्रता एवं टीम भावना के महत्व के बारे में बताया गया।वरिष्ठ निदेशक उमाशंकर जी ने बताया कि कार्यक्रम की खास बात यह रही कि बच्चों की प्रतियोगिताओं के बाद अभिभावकों के लिए भी विशेष खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। माता-पिता ने अपने बच्चों के साथ मैदान में उतरकर पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। रविवार की सुबह खेल, मस्ती और परिवार के साथ यादगार बन गई। अभिभावकों की इस सहभागिता ने यह संदेश दिया कि बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए परिवार का साथ और प्रोत्साहन बेहद महत्वपूर्ण है।खेलों बीकानेर क्लब ने कहा कि आज के समय में बच्चों का अधिक समय मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन पर बीत रहा है। ऐसे में उन्हें खेल के मैदान तक लाना और अभिभावकों को भी फिटनेस गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। संडे स्पोर्ट्स लैब के माध्यम से “स्क्रीन टाइम कम करें, खेल का समय बढ़ाएँ”, “नशे को ना, खेलों को हाँ” और “खेलेंगे परिवार, स्वस्थ बनेगा समाज” का संदेश दिया जा रहा है।खेलो बीकानेर क्लब का प्रयास है कि बीकानेर में खेल और फिटनेस को जन-आंदोलन बनाया जाए, जहाँ बच्चे, युवा और अभिभावक सभी नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ें और एक स्वस्थ, सक्रिय एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेलो बीकानेर क्लब की टीम के रवि जी, रुद्राक्ष, मनीष, साक्षी, हिताशा, प्रेक्षा, भव्या, तनिष्क, कुसुम, गायत्री, निशा, कोमल, रामनिवास, विष्णु, रुद्राक्षी, तिथि सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय भूमिका एवं उपस्थिति रही।





