बीकानेर। बीकानेर विकास मंच के अध्यक्ष पद पर संतोष बांठिया तथा प्रवक्ता पद पर श्रीमती कामिनी भोजक की नियुक्ति की गई है। बुधवार को कोटगेट स्थित मंच कार्यालय में दोनों पदों पर नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा की गई।मंच की पूर्व में आनंद निकेतन में आयोजित बैठक में संचालन समिति के अध्यक्ष के रूप में संतोष बांठिया के नाम पर सर्वसम्मति से सहमति बनी थी। बुधवार को मंच के संयोजक विजय कोचर, समन्वयक सूरजमल सिंह नीमराना एवं मुकेश जोशी की सहमति से कार्यालय प्रभारी पुरुषोत्तम सुथार ने दोनों नियुक्तियों की घोषणा की।मंच के संयोजक विजय कोचर ने बताया कि आगामी दिनों में बीकानेर महानगर से लेकर वार्ड स्तर तक मंच की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। वहीं, समन्वयक सूरजमल सिंह नीमराना ने बताया कि बीकानेर के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान के उद्देश्य से मंच की ओर से 27 नवंबर को उत्तर पश्चिम रेलवे के डीआरएम को रेलवे संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन सौंपा जाएगा।



