बीकानेर/श्रीकरणपुर। श्रीकरणपुर से रिश्तेदार के यहां बीकानेर जा रहे एक ही परिवार के चार लोगों की लूणकरणसर के पास दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। महज छह महीने पहले ही संदीप और श्रुति की शादी हुई थी। बीकानेर में मामा की पोती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार की खुशियां एक ही पल में मातम में बदल गईं। सड़क किनारे खड़े डंपर से कार की जोरदार टक्कर में पति-पत्नी, मां और चाची की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय आईटीआई में संविदा अनुदेशक 35 वर्षीय संदीप शारदा (पुत्र बद्री प्रसाद शारदा, निवासी वार्ड नंबर 25) अपनी पत्नी श्रुति शर्मा, माता आशा जीवन और चाची सुषमा शारदा के साथ कार से बीकानेर जा रहे थे। बीकानेर में रहने वाले उनके मामा राजकुमार की पोती के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए परिवार निकला था। रास्ते में लूणकरणसर के पास सड़क किनारे खड़े डंपर से उनकी कार टकरा गई।
छह महीने पहले हुई थी शादी
संदीप शारदा की शादी 23 जनवरी 2026 को श्रीगंगानगर निवासी श्रुति शर्मा के साथ हुई थी। श्रुति नेतेवाला के पीएमश्री स्कूल में संविदा अध्यापिका थीं। माता आशा जीवन सेवानिवृत्त अध्यापिका थीं, जबकि चाची सुषमा शारदा बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल, श्रीकरणपुर की सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य थीं। संदीप के पिता बद्री प्रसाद शारदा का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था। वे बैंक में मैनेजर थे।
संदीप ने 27 जुलाई को अपना तथा 2 अगस्त को अपनी पत्नी का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया था। शादी से पहले उन्होंने अपना मकान भी आधुनिक रूप से सुसज्जित कराया था। हादसे की खबर मिलते ही श्रीकरणपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग मृतक परिवार के घर संवेदना व्यक्त करने पहुंचने लगे।





