बीकानेर, 7 अगस्त 2026। बीकानेर रेंज पुलिस ने नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश की अध्यक्षता में तथा श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक हरीशंकर, हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर स्थित सीमेंट फैक्ट्री में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों को न्यायालय से धारा 52ए(2) के तहत भौतिक सत्यापन के बाद जलाकर नष्ट किया गया।
नष्ट किए गए मादक पदार्थ
श्रीगंगानगर जिले के 10 वाणिज्यिक मात्रा के प्रकरणों में 75 किलो 11 ग्राम हेरोइन नष्ट की गई। इसके अलावा वाणिज्यिक मात्रा से कम के 91 मामलों में 9 किलो 197 ग्राम स्मैक/हेरोइन, 3 किलो 92 ग्राम गांजा, 672 किलो 642 ग्राम पोस्त तथा 1690 नशीली गोलियां नष्ट की गईं।
वहीं हनुमानगढ़ जिले के एक वाणिज्यिक मात्रा के प्रकरण में 5 किलो 712 ग्राम एमडी का नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई बीकानेर रेंज में अब तक किए गए सबसे बड़े मादक पदार्थ नष्टीकरण अभियानों में से एक मानी जा रही है।
102 मामलों के जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण
बीकानेर रेंज पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल 102 एनडीपीएस मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। पुलिस ने बताया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है और नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आमजन से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के विरुद्ध खुलकर सामने आएं तथा नशे से जुड़े किसी भी व्यक्ति या गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, ताकि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
पुलिस का संदेश
बीकानेर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार पर लगातार प्रहार, तस्करों पर कड़ी कार्रवाई और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।





