श्री गोपीनाथ जी मंदिर में भव्य श्रृंगार एवं भजन-कीर्तन के साथ मनाई छोटी तीज

बीकानेर। राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जुड़े छोटी तीज पर्व के अवसर पर हनुमान हत्था स्थित श्री गोपीनाथ जी मंदिर में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर में भगवान श्री गोपीनाथ जी का आकर्षक एवं भव्य श्रृंगार किया गया।

मंदिर के पुजारी श्री श्रवण कुमार जी एवं मोहित महाराज द्वारा भगवान गोपीनाथ जी का विशेष श्रृंगार किया गया। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान जनार्दन विष्णु एवं श्री गोपीनाथ जी की आराधना करते हुए भजन-कीर्तन किया और सुख-समृद्धि तथा परिवार की खुशहाली के लिए भगवान का आशीर्वाद मांगा।

छोटी तीज के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक रूप से व्रत एवं धार्मिक अनुष्ठान किए। कार्यक्रम के दौरान लहरिया पर्व की विशेष छटा भी देखने को मिली। रंग-बिरंगे लहरिया परिधानों में सजी महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किया।

भजन-कीर्तन के दौरान महिलाओं ने नृत्य और गायन के माध्यम से उत्सव में चार चांद लगा दिए। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, उल्लास और राजस्थानी लोक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में ‘लहरियों की तर्ज पर’ विशेष गायन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और भजनों के साथ छोटी तीज के पर्व का आनंद लिया। इस आयोजन ने राजस्थान की पारंपरिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

छोटी तीज के इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्सव का माहौल बना रहा। महिलाओं ने धार्मिक आस्था के साथ पर्व मनाते हुए राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक रीति-रिवाजों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *