शादी के कुछ घंटे बाद 1.50 लाख की दुल्हन फरार

जयपुर। शादी की उम्मीद लगाए बैठे 40 वर्षीय युवक के साथ शादी के नाम पर 1.50 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बिचौलिए ने शादी करवाने का भरोसा देकर युवक से 1.50 लाख रुपए लिए और एक युवती को दुल्हन बनाकर उसके घर भेज दिया। युवती उसी शाम करीब 5 बजे घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार में बैठकर फरार हो गई। कई दिनों तक उसके वापस नहीं लौटने और पैसे भी नहीं मिलने पर युवक ने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को जामडोली थाने में जालसाज गैंग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आगरा रोड निवासी युवक लंबे समय से शादी नहीं होने के कारण परेशान था। मई 2026 में उसके एक रिश्तेदार ने बताया कि उसके परिचित विनोद ने पैसे लेकर उसकी शादी करवाई थी और वह पहले भी कई लोगों की शादी करवा चुका है। इसके बाद युवक की मुलाकात विनोद से करवाई गई। विनोद ने शादी के बदले 1.50 लाख रुपए मांगे। 26 मई को वह अपनी पत्नी और दो अन्य युवतियों के साथ युवक के घर पहुंचा और दोनों युवतियों को बिहार निवासी बताते हुए उनमें से किसी एक को पसंद करने को कहा। युवक ने एक युवती को पसंद कर लिया और तय सौदे के अनुसार विनोद को 1.50 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद विनोद युवक को कोर्ट मैरिज के लिए जयपुर कलेक्ट्रेट ले गया, जहां 500 रुपए के स्टाम्प पर युवक और युवती के शादी के एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करवाए गए। कोर्ट मैरिज के बारे में पूछने पर उसे बताया गया कि अभी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और एक-दो दिन में आर्य समाज में शादी करवाकर प्रमाण-पत्र देने का भरोसा दिया गया। युवक का विश्वास बनाए रखने के लिए युवती को उसके साथ घर भेज दिया गया, लेकिन उसी शाम करीब 5 बजे एक स्विफ्ट कार घर के बाहर पहुंची। युवती घर से बाहर निकली और कार में बैठकर चली गई। युवक ने कार का पीछा भी किया, लेकिन कार सवार लोगों ने रफ्तार बढ़ाकर उसे चकमा दे दिया और फरार हो गए। इसके बाद युवती वापस नहीं लौटी।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *