बीकानेर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत बीकानेर में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने मुखबिर की सूचना पर भारतमाला रोड स्थित सेजड़ासर सरहद में नाकाबंदी कर एक ट्रक से पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 732 कार्टन बरामद किए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार शराब को ट्रक में पशु आहार और लकड़ी के भूसे के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान ट्रक से रॉयल चैलेंज ब्रांड के 227 कार्टन, 380 कार्टन पव्वों के तथा ऑल सीजन ब्रांड के 125 कार्टन बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक जयराम विश्नोई निवासी जालौर को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई अतिरिक्त आबकारी आयुक्त बीकानेर जोन मनीषा लेघा, उपायुक्त ईपीएफ पोमाराम रोहिण और जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के सुपरविजन में सहायक आबकारी अधिकारी प्रताप सिंह डूडी के नेतृत्व में लूणकरणसर आबकारी थाना टीम ने की। कार्रवाई में डीईओ पाली मनोज बिस्सा और सिपाही मनोज द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।




