देहरादून युवा आदान-प्रदान शिविर में बीकानेर की पूनम कंवर राठौड़ का चयन

बीकानेर। युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में वंदे मातरम् कार्यक्रम के तहत देहरादून में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा आदान-प्रदान शिविर में बीकानेर की पूनम कंवर राठौड़ राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। राजस्थान से चयनित 25 युवाओं के दल में शामिल पूनम कंवर का चयन उनकी प्रतिभा और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के आधार पर हुआ है।

शिविर में देशभर से कुल 125 युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के ये युवा विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति, साहित्य, खान-पान, वेशभूषा एवं विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। राजस्थान के चूरू, बीकानेर, जैसलमेर, हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर से चयनित युवा इस शिविर में सहभागिता करेंगे। माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं में से प्रतिभागियों का चयन किया गया है।

क्षत्रिय सभा एवं ट्रस्ट, बीकानेर संभाग के प्रवक्ता प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि इस महत्वपूर्ण शिविर के लिए बीकानेर से करणी राजपूत कन्या छात्रावास की कुमारी पूनम कंवर राठौड़ का चयन हुआ है। पूनम कंवर राठौड़ चूरू जिले के डेह गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में करणी राजपूत कन्या छात्रावास में अध्ययनरत हैं।

करणी राजपूत कन्या छात्रावास की प्रभारी डॉ. सरोज राठौड़ ने कहा कि पूनम कंवर एक बेहद होनहार एवं प्रतिभाशाली छात्रा हैं। उन्हें इस राष्ट्रीय स्तर के युवा आदान-प्रदान शिविर में भाग लेने का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पूनम कंवर इस शिविर के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति एवं विचारों से परिचित होकर और अधिक प्रतिभाशाली, आत्मविश्वासी एवं महत्वाकांक्षी बनेंगे ।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *