देश से लेकर प्रदेश तक में हालात चिंताजनक – नाल में कांग्रेस के सम्मेलन में बोले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत

बीकानेर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश के मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। नाल में मीडिया से बातचीत के दौरान गहलोत ने कहा कि देश में परिस्थितियां गंभीर हो गई हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुप्रीम कोर्ट को रविवार को सुनवाई करनी पड़ रही है। उन्होंने दिल्ली में की गई बैरिकेडिंग, प्रदर्शनकारियों को रोके जाने और नेताओं की गिरफ्तारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये परिस्थितियां लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं। गहलोत ने पूछा कि सरकार आखिर किस बात से घबराई हुई है, जो देशभर से अपनी बात रखने आ रहे लोगों को रोकने के लिए ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या को लेकर राजस्थान की भाजपा सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने इस घटना को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला बताते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में पूर्व विधायक की हत्या हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब दिनदहाड़े 70-80 लोग एक पूर्व विधायक को घेरकर मार सकते हैं, तो आम आदमी की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

गहलोत ने कहा कि खबरों के अनुसार, अतर सिंह भड़ाना से जुड़ा विवाद करीब दो साल से चल रहा था। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने लंबे समय तक पुलिस और प्रशासन क्या कर रहे थे और खतरे की आशंका होने के बावजूद समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। गहलोत ने इस घटना को पुलिस-प्रशासन की नाकामी बताते हुए कहा कि जिस सरकार में उसके अपने पूर्व विधायक सुरक्षित नहीं हैं, वह आम जनता को सुरक्षा का भरोसा कैसे दिला सकती है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

Latest Post