गंगाशहर। गंगाशहर विकास मंच के तत्वावधान में बीकानेर रियासत के 21वें शासक एवं गंगाशहर के संस्थापक महाराजा गंगासिंह जी की 147वीं जन्म जयंती डागा गेस्ट हाउस में समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में महाराजा के दूरदर्शी व्यक्तित्व, ऐतिहासिक योगदान और जनकल्याणकारी कार्यों को याद करने के साथ गंगाशहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
समारोह में महापौर अनिल कल्ला और उपमहापौर पंकज गहलोत सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। मुख्य वक्ता डॉ. चक्रवर्ती नारायण श्रीमाली ने महाराजा गंगासिंह जी के शिक्षा, बालिका शिक्षा और गंगनहर के माध्यम से मरुस्थल के विकास में योगदान को रेखांकित किया। व्याख्याता गोपाल व्यास ने उनकी शासन व्यवस्था, चिकित्सा, कृषि, न्याय और जनकल्याणकारी कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में गंगाशहर के विकास के लिए नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय दोबारा शुरू करने, महाराजा गंगासिंह और सेठ ईश्वरचंद्र चोपड़ा की प्रतिमाएं स्थापित करने, नई सब्जी मंडी बनाने, सफाई व्यवस्था सुधारने, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने, पार्कों व डिवाइडरों का सौंदर्यीकरण, सड़क-नालों और सोलर लाइट की व्यवस्था बेहतर बनाने तथा अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान करने जैसी मांगें उठाई गईं।
महापौर अनिल कल्ला ने विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता को जरूरी बताया। उपमहापौर पंकज गहलोत ने विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। वहीं, अन्य वक्ताओं ने सर्वसमाज की एकजुटता और सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
समारोह में महाराजा गंगासिंह जी के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों, पुस्तकों, सिक्कों और प्रतीक चिह्नों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन का उद्देश्य महाराजा की दूरदर्शी सोच से प्रेरणा लेकर गंगाशहर को स्वच्छ, सशक्त और विकसित बनाने के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।




