रतनगढ़ । अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 74 किलो 860 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद करने के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजानगढ़ पवन कुमार तथा रतनगढ़ वृत्ताधिकारी इंसार अली के सुपरविजन में थानाधिकारी सीआई संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम एनएच-11 पर गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान बीकानेर से जयपुर मार्ग पर पुलिस चौकी बीरमसर के समीप संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी में कार में छिपाकर ले जाया जा रहा 74 किलो 860 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से कार सवार मोहम्मद जमील (42) पुत्र बुन्दू अली और मोहम्मद आजाद (22) पुत्र मोहम्मद जमील, दोनों निवासी वार्ड नंबर 51, चूरू (पुलिस थाना कोतवाली), को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।


