बीकानेर। महिला पतंजलि योग समिति की ओर से सोमवार को राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं सोशल मीडिया प्रभारी सुनीता गुर्जर के सानिध्य तथा जिला प्रभारी उमा शर्मा के नेतृत्व में दैनिक योग कक्षा में मासिक बैठक एवं दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई और संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक में सुनीता गुर्जर ने बहनों को आगामी दिसंबर माह में आयोजित होने वाले सहयोग प्रशिक्षण शिविर की जानकारी दी। साथ ही महिला पतंजलि योग समिति एप के बारे में बताते हुए सभी को एप डाउनलोड करने और अधिक से अधिक योग कक्षाएं शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
संरक्षिका अंजता गहलोत ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं योग शिक्षिका बबीता जैन ने योग ग्राम से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
बैठक में संगठन मंत्री कमला, संवाद मंत्री सरिता कौशल, संरक्षिका अंजता गहलोत, कविता, प्रतिमा, कुसुम, ज्योति, इंदु खत्री, लक्ष्मी पारीक सहित 40 से अधिक बहनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने अल्पाहार किया तथा योग और स्वदेशी विषय पर चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।





