केशव दत्त आचार्य की मौत के बाद परिवार ने उठाए नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था पर सवाल, टेंडर से लेकर वाहन संचालन तक जांच की मांग

# केशव दत्त आचार्य की मौत के बाद परिवार ने उठाए नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था पर सवाल, टेंडर से लेकर वाहन संचालन तक जांच की मांग**बीकानेर।** नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए केशव दत्त आचार्य की मौत के बाद अब उनका परिवार मामले में जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर सामने आया है। शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से डॉ. शरद दत्त आचार्य एवं परिवार ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच के साथ नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था, ठेका प्रक्रिया और वाहन संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की मांग उठाई।परिवार के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को केशव दत्त आचार्य अपने स्कूटर से जा रहे थे, इसी दौरान नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान 9 नवंबर को उनकी मृत्यु हो गई। परिवार ने बताया कि मामले में पुलिस को शिकायत दी गई थी और प्रकरण दर्ज होने के बाद 23 नवंबर को चालक की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई।परिवार का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के बाद भी कई महत्वपूर्ण सवाल अनुत्तरित हैं। उन्होंने पूछा कि चालक का लाइसेंस और पुलिस सत्यापन किसने किया, उसे प्रशिक्षण दिया गया था या नहीं, वाहन की फिटनेस, बीमा और जीपीएस व्यवस्था की निगरानी कौन कर रहा था तथा संबंधित ठेका एजेंसी और नगर निगम के अधिकारियों की क्या जिम्मेदारी थी।**टेंडर प्रक्रिया और ठेका आवंटन पर भी उठाए सवाल**प्रेस कॉन्फ्रेंस में परिवार ने नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि टेंडर कब जारी हुआ, कितनी कंपनियों ने भाग लिया, कौन पात्र और अपात्र रहा, एल-1 कौन था तथा अंतिम ठेका किस कंपनी को और कितनी राशि में दिया गया, इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए।परिवार ने वर्तमान में कचरा संग्रहण का काम कर रही कंपनियों और एजेंसियों के वैध अनुबंध एवं कार्यादेश का आधार भी स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही पूछा कि यदि किसी एजेंसी का अनुबंध समाप्त हो चुका है तो उसके बाद संचालन किस प्रशासनिक स्वीकृति के तहत जारी है और भुगतान किस आधार पर किया जा रहा है।**ACB से जांच की मांग**परिवार ने बताया कि इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक से फोन पर संपर्क कर जांच की आवश्यकता से अवगत कराने का प्रयास किया गया। वहीं बीकानेर एसीबी के अधिकारी आशीष कुमार से भी संपर्क कर संबंधित ठेका प्रक्रिया एवं संभावित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर शिकायत प्रस्तुत की गई है।**जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील**डॉ. शरद दत्त आचार्य एवं परिवार ने जिला प्रशासन, नगर निगम आयुक्त, सांसद, विधायकों, महापौर, उपमहापौर और पार्षदों से इस मामले को गंभीरता से उठाने की अपील की। परिवार ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के खिलाफ लड़ाई नहीं, बल्कि नागरिक सुरक्षा, पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही का मुद्दा है।परिवार की प्रमुख मांगों में दुर्घटना की निष्पक्ष जांच, वाहन एवं चालक के दस्तावेजों की जांच, ठेका एजेंसी की जिम्मेदारी तय करना, टेंडर से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करना, वर्तमान संचालन का वैध आधार स्पष्ट करना और पूरे शहर में कचरा संग्रहण वाहनों का सुरक्षा ऑडिट करवाना शामिल है।परिवार ने स्पष्ट किया कि वे किसी कंपनी या अधिकारी को बिना जांच दोषी नहीं ठहरा रहे हैं, लेकिन यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केशव दत्त आचार्य की मृत्यु से परिवार को हुई क्षति अपूरणीय है, लेकिन इस घटना से जुड़े सवालों के जवाब और व्यवस्था की जवाबदेही तय होने तक उनकी लोकतांत्रिक एवं कानूनी लड़ाई जारी रहेगी।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories

Latest Post